अमेरिका ने अपने व्यावसायिक जहाजों को ईरानी सीमा से दूर रहने के दिए निर्देश
US-Iran Conflict (आज समाज), तेहरान : पिछले कुछ समय से अमेरिका और ईरान में आपसी तनाव चरम पर है। इस बीच अमेरिका कई बार ईरान पर सख्त कार्रवाई करने की धमकी दे चुका है लेकिन ईरान किसी भी सूरत में झुकने को तैयार नहीं है। दोनों पक्षों के बीच ओमान में वार्ता भी जारी है हालांकि इस वार्ता के कोई ठोस परिणाम अभी तक सामने नहीं आए हैं।
इसी बीच ट्रंप प्रशासन ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले अमेरिकी-ध्वज वाले व्यावसायिक जहाजों को निर्देश दिए हैं कि वे ईरान के क्षेत्रीय पानी से दूर रहें क्योंकि अभी दोनों देशों में तनाव बना हुआ है। उधर, इस्लामी क्रांति की सालगिरह दिवस से एक दिन पूर्व क्रांति के नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने एकता और पक्के इरादे दिखाकर शत्रुओं को हताश करने की अपील देशवासियों से की।
इस्लामिक क्रांति की सालगिरह मना रहा ईरान
इस्लामिक क्रांति की 47वीं सालगिरह मनाने के लिए आज यानी 11 फरवरी को रैलियों के साथ मना रहा है। इससे पहले एक टीवी संदेश में खामनेई ने इस मौके को ईरान की ताकत, इज्जत और मिलकर किए गए पक्के इरादे का एक जबरदस्त प्रदर्शन बताया। उन्होंने सालाना सालगिरह के प्रदर्शनों को बेमिसाल बताया। उधर, अमेरिकी नौसैन्य प्रशासन ने एक गाइडलाइन में अमेरिकी जहाज के कैप्टन को चेताया कि वे रणनीतिक रूप से संवेदनशील समुद्री रास्ते में ईरानी सेना को अपने जहाजों पर न चढ़ने दें। उसने सलाह दी कि इस समुद्री पानी से गुजरने वाले जहाज नेविगेशनल सुरक्षा से कोई समझौता किए बिना ईरान के समुद्री जल से दूर रहें।
ईरान ने किसी भी खतरे का मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही
इस्लामिक रिपब्लिक आॅफ ईरान के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने देश की सीमा पर किसी भी तरह के खतरे का अधिक बलपूर्वक और व्यापक जवाब देने की चेतावनी दी है। इस्लामी क्रांति की विजय की 47वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर जनरल स्टाफ ने बाहरी खतरों के विरुद्ध दृढ़ रक्षा का संकल्प लिया। बयान के मुताबिक, ईरान किसी भी खतरे, षड्यंत्र व अतिक्रमण के खिलाफ मजबूती से खड़ा है। वह किसी भी तरह के खतरों पर व्यापक प्रतिक्रिया देगा। यह घोषणा क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य उपस्थिति और सैन्य कार्रवाई की धमकी के बीच आई है।
ये भी पढ़ें : Weather Update Today : मौसमी बदलाव से जूझ रहा उत्तर भारत


