कई जगह पारा 45 डिग्री पार, अभी नहीं हैं राहत के आसार
Heat Waves in North India (आज समाज), नई दिल्ली : अप्रैल के अंतिम सप्ताह में उत्तर पश्चिमी भारत के लगभग सभी राज्य लू और गर्मी से बेहाल हैं। ज्यादात्तर जगहों पर पारा 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है आर लू के थपेड़ों को सहन करना सभी की मजबूरी है। वहीं मौसम विभाग ने जो बुलेटिन जारी किया है उसके अनुसार आने वाले तीन दिन लू और गमी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।
जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है। मध्य भारत के पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी गर्म हवाओं का असर जारी रहेगा। सिर्फ दिन ही नहीं, रातें भी गर्म रहने वाली हैं।
यूपी का बांदा देश में सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश के बांदा में रविवार को 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सर्वाधिक गर्म रहा। राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में 46 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। 45.7 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रयागराज तीसरा सबसे गर्म स्थान पर रहा। कोटा और चित्तौड़गढ़ में 45.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा में रविवार को भीषण गर्मी का असर जारी रहा।
नारनौल में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अन्य शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखा। रोहतक में 43.6 डिग्री, भिवानी और सिरसा में 43-43 डिग्री, हिसार और करनाल में 42.2 डिग्री, अंबाला में 41.6 डिग्री और गुरुग्राम में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पंजाब में बठिंडा 43.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। लुधियाना और पटियाला में 42.4-42.4 डिग्री, जबकि अमृतसर में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल तापमान में कोई खास गिरावट के आसार नहीं हैं।
रात में भी गर्मी से नहीं मिल रही राहत
उत्तर प्रदेश, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरम रात की स्थिति दर्ज की गई है, जहां न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। इससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही है। दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में मौसम पूरी तरह अलग है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 अप्रैल से 2 मई तक तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आंधी, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।


