पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते दोबारा बदलेगा मौसम
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : पिछले करीब 10 दिन से एक के बाद एक कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए हैं। जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिला है। पहाड़ों में ऊंचे स्थानों पर जहां कई-कई फीट बर्फ जमा चुकी है वहीं मैदानों में हुई हल्की बारिश और ओलावृष्टि से तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है।
उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी से पूरा इलाका 3 से 4 फीट बर्फ से ढक गया। कश्मीर में मौसम का अलग ही रुख देखने को मिल रहा है। वहां, ज्यादातर स्थानों पर धूप खिली रही। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री रहा। मौसम के इस बदलाव से लोगों को मार्च के शुरू में पड़ रही चुभन भरी गर्मी से राहत मिली है।
इस तरह रहेगा मौसम का मिजाज
इस बीच, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान का पूवार्नुमान जारी किया है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 23 मार्च से 25 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा 26 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। 29 से 31 मार्च के दौरान फिर से बारिश और बर्फबारी का दौर लौट सकता है।
एनसीआर से बंगाल तक छाए बादल
दिल्ली-एनसीआर में 23 से 25 मार्च के बीच आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। सोमवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 24 से 28 मार्च के बीच बारिश का अनुमान है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। हिमाचल में सोमवार को बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी के आसार हैं। उच्च पर्वतीय इलाकों में 28 तक बारिश-बर्फबारी हो सकती है। कुल्लू और लाहौल स्पीति में ऊंचाई वाले क्षेत्र में हिस्खलन की आशंका जताई गई है। तापमान में गिरावट आने से मौसम ठंडा हो गया है।


