Weather Update Today : पहाड़ों में बर्फ, मैदानों में कोहरा बढ़ा रहा मुश्किलें

0
196
Weather Update Today : पहाड़ों में बर्फ, मैदानों में कोहरा बढ़ा रहा मुश्किलें
Weather Update Today : पहाड़ों में बर्फ, मैदानों में कोहरा बढ़ा रहा मुश्किलें

तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी, अभी सर्दी से राहत की नहीं उम्मीद

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तरी भारत के सभी राज्य इन दिनों भीषण सर्दी का सामना कर रहे हैं। एक तरफ जहां पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है वहीं मैदानों में कोहरा व शीत लहर तापमान में गिरावट ला रहे हैं। पिछले कई दिन से सही ढंग से धूप का न खिलना भी परेशानी बढ़ा रहा है। इन्हीं मौसमी परिस्थितियों के चलते जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। इन्हीं विपरीत परिस्थितियों के चलते जम्मू-कश्मीर में एक ही रात में तापमान साढ़े पांच डिग्री तक गिर गया, वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में नलों का पानी जम गया। मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल ठंड से राहत के आसार नहीं हैं।

कश्मीर और लद्दाख में कड़ाके की ठंड

कश्मीर घाटी में ठंड का असर सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं है। ऊंचाई वाले इलाकों में हालात और भी गंभीर हैं। लद्दाख के द्रास में तापमान माइनस 24.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। जम्मू क्षेत्र में ऊपरी हवाओं में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड में भी पारा शून्य से नीचे पहुंचा

उत्तराखंड के कपकोट क्षेत्र की पिंडर घाटी में तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है। खाती, वाछम, बोरबलड़ा और पकुवाटॉप जैसे इलाकों में सुबह के समय पाला जम रहा है। नलों में पानी जमने से लोग धूप निकलने का इंतजार कर रहे हैं। उधर हरियाणा में बफीर्ली हवाओं का कहर जारी है। प्रदेश के नौ जिलों में शीतलहर का प्रकोप रहा और नारनौल में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रेल व हवाई यातायात हो रहा बाधित

उत्तर भारत में जारी घने कोहरे ने हवाई और रेल यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। एक तरफ जहां दर्जनों रेल गाड़ियां अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही हैं तो वहीं इसी कड़ी में गुरुवार आठ जनवरी की रात दिल्ली से पटना जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को बीच रास्ते से लौटना पड़ा। मौसम की मार के चलते यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी, वहीं रेल सेवाएं भी प्रभावित होने का सिलसिला जारी रहा।

  • TAGS
  • [post_tags]