अभी नहीं हैं राहत के आसार, उत्तर भारत में कोहरा जानलेवा साबित हो रहा
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : समूचे उत्तर भारत में ठंड और कोहरे से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। वहीं भारतीय मौसम विभाग ने 23 जनवरी तक मौसम ऐसा ही बना रहने की आशा जताई है। एक तरफ जहां पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमाचल से लेकर कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं मैदानों में कोहरा और शीत लहर परेशानी खड़ी कर रही है। गत दिवस कोहरे के चलते यूपी से लेकर पंजाब तक कई हादसे हुए जिसमें दर्जनों लोगों की मौत हो गई।
50 से ज्यादा ट्रेन घंटों लेट
उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी और भीषण शीतलहर के बीच कोहरे का कहर जारी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई स्थानों पर अत्यंत घना कोहरा छाया रहा और कुछ जगहों पर दृश्यता शून्य रह गई। इसका असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ा। दिल्ली से आने-जाने वाली 50 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई, जिनमें राजधानी और शताब्दी भी शामिल हैं। कई उड़ानों में भी देरी हुई। सड़क पर वाहन रेंगते रहे और उत्तर प्रदेश और पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की टक्कर हो गई, जिसमें 17 लोगों की जान चली गई। अभी कम से कम छह दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए यह अनुमान जताया
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देर रात और सुबह के समय पंजाब के अधिकांश स्थानों पर, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकांश स्थानों पर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर तथा जम्मू और कश्मीर तथा उत्तराखंड के छिटपुट स्थानों पर घना से अत्यंत घना कोहरा छाया रहा। श्रीनगर, अमृतसर, अंबाला, आगरा एयरफोर्स स्टेशन, मुरादाबाद, अलीगढ़, सरसावा व हिंडन एयरफोर्स स्टेशन और बाराबंकी प्रत्येक जगह भी दृश्यता शून्य मीटर रही। मेरठ में 10, बरेली 20, अलीगढ़ 25, बलिया 20, लखनऊ 50, अयोध्या 75, हरियाणा के करनाल, 20, हिसार 40 और पंजाब के फरीदकोट 15 और लुखियाना में 50 मीटर दृश्यता रिकॉर्ड की गई।
मैदानों में नारनौल रहा सबसे ठंडा
हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति बनी रही। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस हरियाणा के नारनौल में दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में 4.4 डिग्री, दिल्ली में 4.4 डिग्री, एनसीआर के गाजियाबाद में 5.5, गुरुग्राम में 3.8 और फरीदाबाद में 8.2, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में 3.5 डिग्री और राजस्थान के अलवर में सबसे कम 5.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : देश की प्रगति के लिए जोखिम उठाना जरूरी : मोदी


