Russia-Ukraine War News : रूसी सेना ने यूक्रेन पर किया मिसाइल और ड्रोन हमला

0
671
Russia-Ukraine War News : रूसी सेना ने यूक्रेन पर किया मिसाइल और ड्रोन हमला
Russia-Ukraine War News : रूसी सेना ने यूक्रेन पर किया मिसाइल और ड्रोन हमला

यूक्रेन के 12 लोगों की मौत, 40 से ज्यादा घायल

Russia-Ukraine War News (आज समाज), कीव : रूस और यूक्रेन के बीच पिछले करीब पांच साल से युद्ध जारी है। इस युद्ध में दोनों तरफ से हजारों लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों देशों में कई दौर की बातचीत के बाद भी युद्ध का हल नहीं हो सका है। वर्तमान में भी दोनों देश मौके मिलते ही एक दूसरे के खिलाफ हमले कर रहे हैं। ऐसा ही एक हमला सोमवार को रूस की तरफ से किया गया। इस रूसी हमले में यूक्रेन में भारी तबाही देखने को मिली। इन हमलों में 12 लोगों की जान चली गई और 40 लोग घायल हुए। ज्ञात रहे कि पिछले दिनों यूक्रेन के हमलों से रूस में भी भारी तबाही देखने को मिली थी।

यूक्रेन के 16 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, इस युद्ध में अब तक 16,000 से ज्यादा यूक्रेनी नागरिक मारे जा चुके हैं। रूस लगातार यूक्रेन के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने और लोगों का मनोबल तोड़ने की कोशिश कर रहा है। नीप्रो शहर में रूस की मिसाइल ने बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। इस हमले में छह लोगों की मौत हुई और 29 लोग घायल हो गए। जापोरिज्जिया शहर में रूस के ड्रोन एक यात्री बस से टकरा गए।

इस घटना में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हुई और छह लोग घायल हुए। सुमी इलाके में हुए ड्रोन हमलों ने एक बुजुर्ग महिला और एक पुरुष की जान चली गई। खार्किव के मेयर ने बताया कि वहां दिन के समय हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और पांच लोग घायल हुए। यूक्रेन के छह अन्य इलाकों में भी घातक हमले हुए हैं।

यूक्रेन राष्ट्रपति ने यूरोप से मांगी मदद

रूस के इन हमलों के कारण यूक्रेन के आठ इलाकों में बिजली की सप्लाई ठप हो गई है। भीषण गर्मी की वजह से लोग एयर कंडीशनर का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बिजली की मांग बहुत बढ़ गई है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूरोप से एक बार फिर अपील की है। उन्होंने कहा कि रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए यूरोप को अपना सुरक्षा तंत्र और मिसाइल सिस्टम मजबूत करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोगों को इन भयानक हमलों से बचाने के लिए एंटी-बैलिस्टिक क्षमताओं की सख्त जरूरत है।

  • TAGS
  • [post_tags]