नेता प्रतिपक्ष ने पूर्व आर्मी चीफ की किताब का हवाला देते हुए कहा- चीनी टैंक डोकलाम तक पहुंचे गए थे
शाह ने टोका, स्पीकर ने माइक बंद कराया, सदन स्थगित
Parliament Budget Session, (आज समाज), नई दिल्ली: आज लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा हो गया। हंगामा कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर हुआ। राहुल गांधी ने पूर्व आर्मी चीफ जनरल नरवणे की अनपब्लिश्ड किताब का हवाला देते हुए कहा, डोकलाम में 4 चीनी टैंक भारत की सीमा में पहुंच गए थे। राहुल के ऐसा कहते ही पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फिर गृह मंत्री शाह ने उन्हें टोका।
इसके बाद स्पीकर ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें रोका। राहुल करीब 46 मिनट तक अपनी बात कहने की कोशिश करते रहे। इसके बाद स्पीकर ने लोकसभा की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। दोपहर 3 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही राहुल ने बोलना शुरू किया। लेकिन हंगामे के चलते महज 9 मिनट बाद ही कार्यवाही शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
जानें क्या बोले राहुल
राहुल गांधी ने सदन में कहा, डोकलाम में चीनी टैंक भारत की सीमा में पहुंच गए थे। मैं यह बात एक मैगजीन के आर्टिकल के हवाले से कह रहा हूं। जिसमें पूर्व आर्मी चीफ एमएम नरवणे की किताब (मेमॉयर) को कोट किया गया है। राजनाथ सिंह खड़े हुए और बोले, अगर ये बातें प्रकाशित हुई हैं तो इसका जिक्र करें नहीं तो छोड़ दें। राहुल ने कहा, आप सब ध्यान से सुनें कि मैं क्या पढ़ रहा हूं इससे पता चल जाएगा कि कौन देशभक्त है और कौन नहीं। 4 चीनी टैंक डोकलाम में भारत की धरती पर आ रहे थे। वे कुछ 100 मीटर ही दूर थे।
स्पीकर ओम बिरला ने राहुल को टोका
स्पीकर ओम बिरला ने कहा, राहुल जी आप सदन में नेता विपक्ष हैं। सांसद प्रियंका ने एक बात कही थी तो उन्होंने आॅथेंटिक स्तर पर प्रस्तुत किया था। आपसे भी यही अपील है। राहुल ने कहा, ये सौ प्रतिशत आॅथेंटिक है। राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल बताएं कि क्या यह प्रकाशित हुआ है या नहीं केवल इतना बताएं। लोकसभा में एनडीए और विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। ओम बिरला ने कहा कि रक्षामंत्री सही कह रहे हैं। आप सदन में इसका जवाब दें। आप सदन में है, विपक्ष के नेता हैं सही नियम से चलें।
राहुल जिस किताब के बारे में बोल रहे, वह प्रकाशित नहीं हुई
राहुल ने कहा, नरवणे की किताब में रक्षामंत्री और प्रधानमंत्री का जिक्र है। मैं वही बता रहा हूं। राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल जिस किताब के बारे में बोल रहे हैं वह किताब प्रकाशित नहीं हुई है। अमित शाह ने बताया कि वह मैग्जीन की रिपोर्ट है, नरवणे जी ने ऐसा नहीं कहा है। मैगजीन तो कुछ भी लिख सकता है। ओम बिरला ने कहा कि अखबार की कटिंग ही सदन में चल सकती है, इसके अलावा कुछ नहीं रख सकते।
जो बुक पब्लिश ही नहीं है उसका जिक्र कैसे कर सकते हैं
राहुल ने कहा, ये सब नरवणे ने कहा है। उनकी किताब को प्रकाशित नहीं करने दिया गया है। अमित शाह ने कहा, राहुल ने खुद कह दिया है कि पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई है। अब बात ही खत्म हो जाती है। जो बुक पब्लिश ही नहीं है उसका जिक्र कैसे कर सकते हैं।
राहुल गांधी ने कहा, जब चीन हमारे सामने आ रहा था, तब 56 इंच की छाती को क्या हुआ
राहुल ने मीडिया से कहा, मैं सुरक्षा के मुद्दे पर सदन में बोलना चाहता था। पूर्व आर्मी चीफ ने राजनाथ सिंह से क्या कहा था। पता नहीं सरकार क्यों डरी हुई है। मैं पूर्व आर्मी चीफ की बात बताना चाहता था। नरवणेजी ने पीएम के बारे में, राजनाथ के बारे में एक आर्टिकल में लिखा है। मैं वो बोल रहा हूं, लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा है। चाइना हमारे सामने आ रहा था। तब 56 इंच की छाती को क्या हुआ था।


