सांसद काकोली घोष के नेतृत्व में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिले बागी सांसद
TMC Crisis, (आज समाज), कोलकाता/नई दिल्ली: ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों ने एक क्षेत्रीय दल नेशनलिस्ट सिटिजन पार्टी आॅफ इंडिया में शामिल होने का ऐलान कर दिया। इस ऐलान से पहले टीएमसी के सभी बागी सांसद काकोली घोष के नेतृत्व में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि उन्होंने स्पीकर को भी नए दल में शामिल होने की जानकारी दी है। हालांकि स्पीकर की तरफ से फिलहाल किसी तरह का बयान जारी नहीं किया गया। रिकॉर्ड के अनुसार, 3 साल पहले 2023 में बंगाल के उत्तिया कुंडू और शेउली कुंडू नाम के कपल ने पार्टी की नींव रखी थी।
एनसीपीआई के आॅफिस पर सुरक्षाबल तैनात
पार्टी के डॉक्यूमेंट्स में उत्तिया कुंडू पार्टी के अध्यक्ष हैं। पत्नी शेउली का नाम कोषाध्यक्ष के रूप में दर्ज है। एनसीपीआई अध्यक्ष उत्तिया ने 13 मई को फेसबुक पर बंगालसीएम शुभेंदु अधिकारी के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए उन्हें मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी थी।
हावड़ा में एनसीपीआई का आॅफिस है, जहां सोमवार को सुरक्षाबलों की तैनाती दिखी। आॅफिस के गेट पर उत्तिया ने खुद को बंगाली न्यूजपेपर का एडिटर और टीचर बताया है। वहीं उनकी पत्नी शेउली को कलकत्ता हाईकोर्ट की वकील बताया गया है।
कैश-फॉर-स्कूल-जॉब स्कैम मामले में हुई पूछताछ, कल सीआईडी के समक्ष पेश होंगे अभिषेक
वहीं, टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी कोलकाता में ईडी आॅफिस पहुंचे। ईडी अभिषेक से कैश-फॉर-स्कूल-जॉब स्कैम में पूछताछ की। उन्हें 3 जून को नोटिस जारी कर 15 जून की दोपहर 12 बजे तक एजेंसी के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था।
इस मामले में सीबीआई और ईडी दोनों की चार्जशीट में अभिषेक का नाम है। इससे पहले रविवार को विधायकों के फर्जी साइन मामले में सीआईडी ने अभिषेक से 8 घंटे पूछताछ की थी। इस मामले में अभिषेक को फिर से 16 जून को सीआईडी के सामने पेश होना है।
ये भी पढ़ें : US-Iran Peace Agreement : जंग खत्म, अमेरिका-ईरान 19 जून को करेंगे समझौते पर हस्ताक्षर


