दो नए पश्चिमी विक्षोभ होंगे सक्रिय, मार्च अंत तक मिलेगी गर्मी से राहत
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : देश में आज से एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं। इन विक्षोभ के असर के चलते एक बार फिर से मौसम बदलेगा और बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार देश के पूर्वी, मध्य और उत्तरपूर्वी हिस्सों में मौसम की गतिविधियों में तेजी आने का संकेत दिया गया है।
साथ ही भारी बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है। आईएमडी के ताजा अपडेट के अनुसार पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा। इन राज्यों में 22-23 मार्च के बीच हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य भारत तक फैला पश्चिम विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत से मध्य भारत तक फैला हुआ है, जो पंजाब से उत्तर छत्तीसगढ़ तक ट्रफ के रूप में विस्तारित है। इसके साथ ही ऊपरी हवाओं में चक्रवाती परिसंचरण और लगभग 12.6 किमी की ऊंचाई पर 165 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही जेट स्ट्रीम मौसम को और अधिक अस्थिर बना रही है। इसका असर देश के बड़े हिस्से में देखने को मिल रहा है, जहां बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम
पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय बना हुआ है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 22 से 24 मार्च के बीच भारी बारिश का अनुमान है। 40 से 60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल में आंधी की रफ्तार 60 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि ओडिशा में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ ओलावृष्टि की आशंका है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है। वहीं, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Today Update : ईरान 48 घंटे में खोले हॉर्मुज जलडमरूमध्य : ट्रंप


