पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते आया मौसम में बदलाव, तापमान सामान्य के काफी नीचे आया
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तर भारत में मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आया है। बीते दिन जहां जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी हुई वहीं इन राज्यों के लगभग सभी मैदानी हिस्सों में हल्की के मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम का यही हाल मैदानी राज्यों में भी रहा और पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और यूपी में अधिकत्तर स्थानों पर हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखी गई।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मौसम का यही हाल आने वाले 48 घंटों के दौरान भी ऐसा ही रहेगा। इस दौरान पहाड़ों पर मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिसके असर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले भागों पर मौसम खराब रहेगा। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ बारिश और बर्फबारी होगी।
आज इन स्थानों पर बारिश, ओलावृष्टि की संभावना
20 मार्च को दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर तेज धूल भरी आंधी-बारिश व ओलावृष्टि के बीच आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। खराब मौसम से रबी की फसल को व्यापक नुकसान की आशंका है। शुक्रवार को पूर्वोत्तर राज्यों ओडिशा, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कई स्थानों पर आंधी-तूफान तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
सामान्य से नीचे दर्ज किया गया पारा
जम्मू-कश्मीर में मौसम पूरी तरह से बदला हुआ है। मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का असर तेज हो गया है, जिससे घाटी के अधिकतर हिस्सों पर बारिश एवं बर्फबारी जारी है। तापमान गिरने से ठंड का दौर लौट आया है। उधर, राजस्थान में अगले 2 दिन जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, शेखावटी और कोटा संभाग के कुछ भागों में आंधी चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य में बदले मौसम के असर से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
ये भी पढ़ें : Agra Accident News : सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत, चार गंभीर


