यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान नासिक के श्रद्धालू ने त्यागे प्राण
Char Dham Yatra 2026 (आज समाज), देहरादून : साल 2026 की चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है। दरअसल रविवार यानी 19 अप्रैल को इस यात्रा का शुभारंभ हुआ। इसी दौरान यात्रा में पहला दुखद समाचार उस समय आया जब यमुनोत्री धाम यात्रा पर आए नासिक के एक यात्री की पैदल मार्ग पर चढ़ाई के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक प्रथम दृष्टया मौत सांस संबंधी बीमारी के कारण हुई है।
जानकीचट्टी अस्पताल से मिली सूचना के अनुसार, एक नेपाली मूल का मजदूर एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लेकर गया। डॉ. हरदेव सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष है। प्रथम दृष्टया मौत सांस संबंधी परेशानी के कारण हुई है। एसआई राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के अन्य साथी यमुनोत्री धाम गए हैं। उसके साथियों के आने के बाद ही शिनाख्त हो पाएगी।
अक्षय तृतीय के अवसर पर खुले कपाट
अक्षय तृतीया के अवसर पर रविवार को देश व विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए और इसी के साथ उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 विधिवत शुरू हो गई। पहले ही दिन दोनों धामों में हजारों श्रद्धालू पहुंचे थे। बाबा केदार के दर्शन भक्त 22 अप्रैल से कर सकेंगे। सबसे पहले दोपहर 12:15 पर गंगोत्री धाम के कपाट खोले गए और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी भी इसके साक्षी बने। उन्होंने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद 12:35 पर यमुनोत्री धाम के कपाट खुले।
गंगोत्री में पूजा करने पहुंचे थे सीएम पुष्कर धामी
दोनों ही धामों में सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पूजा करवाई गई और इसमें देश के कल्याण व सुख शांति का कामना की गई। गंगोत्री में सीएम धामी पूजा करने पहुंचे थे। यह पूजा संपन्न होने पर आम लोगों को दर्शन की अनुमति थी। इसके बाद भीड़ मंदिर की तरफ बढ़ी। यमुनोत्री के पुजारी के अनुसार दोपहर तक करीब 5000 भक्त दर्शनों के लिए धाम में मौजूद थे। गंगोत्री धाम पर भी काफी भीड़ थी।
सीएम की सभी देशवासियों से चारधाम आने की अपील
सीएम धामी ने सभी देशवासियों से चारधाम आने की अपील की है। उन्होंने कहा, सरकार ने यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए हैं। केदारनाथ धाम के कपाट 22 और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे। इसके साथ ही चारों धाम की यात्रा पूरी तरह से शुरू हो जाएगी। यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। श्रद्धालु आॅनलाइन या हरिद्वार, ऋषिकेश और विकासनगर में आॅफलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : पश्चिम बंगाल को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएंगे : मोदी


