पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते पहाड़ों में होगी बारिश व बर्फबारी, गर्मी से मिलेगी आंशिक राहत
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तर भारत के पहाड़ी व मैदानी राज्यों को आज से बढ़ते तापमान से राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से समूचे उत्तर भारत में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। पहाड़ों में इसके प्रभाव से जहां बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं मैदानी राज्यों में भी गर्मी का असर थोड़ा कम होगा। हालांकि मैदानी हिस्सों में बारिश होने की संभावना कम है।
इस तरह रहेगा मौसम
इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 15 से 18 मार्च के बीच इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पंजाब-हरियाणा में इस तरह रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 14 से 17 मार्च के बीच पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। 15 से 17 मार्च के दौरान हरियाणा और चंडीगढ़ में भी इसी तरह का मौसम रह सकता है। उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को आंधी और बारिश के आसार जताए गए हैं। वहीं राजस्थान के कुछ हिस्सों में 14 और 15 मार्च को गरज के साथ बारिश और वज्रपात हो सकता है।
जेट स्ट्रीम के प्रभाव से बदल रहा मौसम
उत्तर-पश्चिम के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है। यह लगभग 12.6 किलीमीटर की ऊंचाई पर बह रही है और इसकी हवा की गति करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटे है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जेट स्ट्रीम पश्चिमी विक्षोभ को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जब इसकी गति तेज होती है तो पश्चिमी विक्षोभ भी ज्यादा सक्रिय हो जाता है, जिससे बारिश और बर्फबारी की संभावना बढ़ जाती है।


