BJP New Team: नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, स्मृति-राजे की वापसी

0
83
BJP New Team: नई सूची में राम माधव, तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, और मनप्रीत सिंह बादल जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
BJP New Team: नई सूची में राम माधव, तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, और मनप्रीत सिंह बादल जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री मिली जिम्मेदारी
BJP New Team, (आज समाज), नई दिल्ली: 2027 में कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का एलान किया है। इस संगठनात्मक फेरबदल में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को लाया गया है। 55 साल की औसत उम्र वाली नितिन नवीन की टीम में 12 महिलाएं हैं। यूपी से दो मुस्लिम चेहरों तारिक मंसूर और बासित अली को शामिल किया गया है।

राम माधव और मनप्रीत बादल बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

इस नई सूची में राम माधव, तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, और मनप्रीत सिंह बादल जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राम माधव की पार्टी संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में वापसी हुई है। वहीं विनोद तावड़े और सुनील बंसल जैसे प्रमुख चेहरे भी संगठन की नई टीम में बरकरार रखे गए हैं। इसी तरह अनिल बलूनी मीडिया इंचार्ज के पद पर बने रहेंगे। बीएल संतोष संगठन महासचिव के पद पर ही रहेंगे।

अमित मालवीय की हुई छुट्टी

आईटी सेल टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। आईटी सेल के हेड अमित मालवीय को हटाया गया है। अमित लंबे समय से बीजेपी आईटी सेल के हेड थे। अब उनकी जगह दीपक महस्के को सोशल मीडिया हेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई टीम में पीयूष गोयल को जगह

इसके साथ ही नई टीम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को जगह मिली है। उन्हें कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले राजेश अग्रवाल इस पद पर थे। वहीं तरुण चुग मुख्यालय प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। लंबे समय तक मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष रहे वीडी शर्मा को भी इस टीम में शामिल किया गया है। उन्हें सभी इकाईयों का कॉर्डिनेटर नियुक्त किया गया है।

टीम में 12 महिलाएं, यूपी से 3

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वषार्बेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं स्मृति ईरानी को महासचिव बनाया गया है। कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश की 3 महिलाओं का है, जबकि महाराष्ट्र की 2 और बाकी राज्यों की 1-1 महिला हैं।

भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे नितिन नवीन

नितिन नवीन 209 दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। उन्होंने जेपी नड्डा की जगह संभाली थी। उन्हें निर्विरोध चुना गया था। नितिन नवीन 45 साल की उम्र में भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।

बीजेपी आईटी सेल के नए चीफ दीपक म्हस्के कौन हैं

दीपक म्हस्के केंद्रीय डिजिटल टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे, जो अब तक अमित मालवीय के पास थी। म्हस्के अब सोशल मीडिया कन्वेनर के तौर पर बीजेपी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया और डिजिटल कैंपेन आॅपरेशन्स का नेतृत्व करेंगे।

दीपक म्हस्के की प्रोफाइल पर गौर करें तो वो छत्तीसगढ़ में बीजेपी के राज्य प्रवक्ता रह चुके हैं। प्रदेश भर में पार्टी के डिजिटल कैंपेन और संगठन को लोगों तक पहुंचाने के कामों में सक्रिय रूप से शामिल रहे। उन्होंने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉपोर्रेशन लिमिटेड के चेयरमैन के तौर पर भी काम किया है।

  • TAGS
  • [post_tags]