
एसआईआर और चुनाव की निष्पक्षता को लेकर सीजेआई को लेटर लिखेगा INDIA ब्लॉक
INDIA Alliance Meeting, (आज समाज), नई दिल्ली: आज नई दिल्ली में INDIA ब्लॉक की बैठक हुई। बैठक में करीब 25 दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, सुप्रिया सुले, कपिल सिब्बल समेत कई नेता मौजूद रहे। उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन वर्चुअली जुड़े। यह INDIA ब्लॉक की 7वीं बैठक थी। गठबंधन की अगली बैठक 8 अगस्त को हैदराबाद में होगी।
बैठक में इन 5 मुद्दों पर बनी सहमति
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, बैठक में 5 मुद्दों पर सहमति बनी है। नीट में देश के युवाओं के साथ धोखा हुआ है। नीट और सीबीएसई की गड़बड़ी के लिए शिक्षा मंत्री जिम्मेदार हैं, वह तुरंत इस्तीफा दें।
खड़गे ने कहा कि रकफ में करोड़ों वोटर के नाम कटे। SIR और चुनाव की निष्पक्षता को लेकर उखक को लेटर लिखेंगे। सरकार को महंगाई, बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। गठबंधन हर 2 महीने में और मानसून सत्र के दौरान भी बैठक करेगा।
विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, संविधान पर हमले जारी हैं और जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। आर्थिक माहौल कमजोर है और निवेश अपेक्षित गति से नहीं आ रहा, जिससे रोजगार पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में मिसमैनेजमेंट हुआ, जिससे लाखों युवाओं की उम्मीदों पर असर पड़ा है। 17 अप्रैल 2026 के दिन सभी विपक्षी दलों ने लोकसभा में एकजुट होकर परिसीमन से जुड़े विधेयकों को हराने में भूमिका निभाई थी। इसी एकता को आगे भी मजबूत करने की जरूरत है।
गठबंधन में शामिल दलों के बीच वास्तविक एकता नहीं: संजय निषाद
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा- INDIA ब्लॉक के नेता अवसरवादी हैं। ये सभी दल कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों के विरोध में बने थे। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल दलों के बीच वास्तविक एकता नहीं है। अंदर ही अंदर ये एक-दूसरे के खिलाफ हैं।
गठबंधन कागज पर हो सकता है, लेकिन एकता कहां है? ये सभी एक-दूसरे के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं, इसलिए चुनाव आते ही अलग-अलग रास्ते चुन लेते हैं। निषाद ने दावा किया कि विपक्षी दलों के बीच वैचारिक और राजनीतिक मतभेद इतने गहरे हैं कि उनके लिए लंबे समय तक साथ बने रहना मुश्किल है।
ये भी पढ़ें: टीएमसी के 20 सांसद एनडीए के समर्थन में आए

