नेशनल वॉर मेमोरियल में किया गया याद
Operation Sindoor, (आज समाज), नई दिल्ली: सरकार ने पहली बार आॅपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए 6 भारतीय सैनिकों के नाम सार्वजनिक किए हैं। इन छह सैनिकों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट पर रोल आॅफ आॅनर सेक्शन में प्रकाशित किए गए हैं। नई दिल्ली में नेशनल वॉर मेमोरियल में भी इनके नाम लिखे गए हैं। पहलगाम में आतंकी हमला के बाद आॅपरेशन सिंदूर पिछले साल मई में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को नष्ट करने के लिए चलाया गया था।
इन नामों में सूबेदार मेजर पवन कुमार, रायफलमैन सुनील कुमार, लांसनायक दिनेश कुमार, एवी मूद मुरलीनायक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और सुरेंद्र कुमार शामिल हैं। इन सैनिकों के नाम मेमोरियल की वॉल 3डी के उस सेक्शन में उकेरे गए हैं जो देश की सेवा में अपनी जान देने वाले सैनिकों को समर्पित है।
पहलगाम हमले के बाद आॅपरेशन शुरू किया गया
आॅपरेशन सिंदूर 7 मई 2025 की सुबह शुरू किया गया था। यह आॅपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए उस आतंकी हमले के कुछ हफ्ते बाद शुरू हुआ, जिसमें 26 आम नागरिक मारे गए थे। मरने वालों में ज्यादातर पर्यटक शामिल थे। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवाद से जुड़े नौ ठिकानों पर सटीक हमले किए।
इन हमलों में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल आॅफ मिलिट्री आॅपरेशन्स के बीच बातचीत के बाद, भारत और पाकिस्तान 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हुए।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट महासचिव चंपत राय का इस्तीफा


