कहा, पहले अमेरिका को व्यापार समेत कई मामलों में नुकसान उठाना पड़ रहा था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी
Donald Trump on Iran War (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों का आज 38वां दिन है। इसी बीच अमेरिका का ईरान को दिया गया अल्टीमेटम आज रात आठ बजे खत्म हो रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्टÑपति का एक और बड़ा बयान सामने आया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान को एक ही रात में खत्म कर सकते हैं और वह रात आज भी हो सकती है।
ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान ने युद्ध खत्म करने के लिए समझौता नहीं किया, तो उन्हें भारी तबाही का सामना करना पड़ेगा। ट्रंप ने अपने बचाव में कहा कि उनके राष्ट्रपति बनने से पहले अमेरिका को व्यापार समेत कई मामलों में नुकसान उठाना पड़ रहा था, लेकिन उन्होंने आकर स्थिति बदली। उनका कहना था कि उनकी सख्त नीति और बयानबाजी ही अमेरिका के हित में है। हालांकि, उनके इस बयान के बाद विपक्ष और कई आलोचकों ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
ईरान के तेल पर कब्जा कर सकते हैं
ट्रंप ने कहा कि अगर उनके हाथ में फैसला होता, तो अमेरिका ईरान के तेल पर कब्जा कर सकता है, क्योंकि वह खुद को पहले बिजनेसमैन मानते हैं। व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका पहले भी वेनेजुएला के साथ तेल को लेकर साझेदारी कर चुका है, इसलिए ईरान के मामले में भी ऐसा किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि ‘जंग जीतने वाले को उसका फायदा मिलना चाहिए’ और अमेरिका को भी इसका इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने साफ इशारा दिया कि अमेरिका अपनी पुरानी नीति से हटकर युद्ध के बाद संसाधनों पर कब्जा करने की सोच सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अमेरिका ने दूसरे देशों की मदद की, लेकिन अब ऐसा नहीं होना चाहिए।
ट्रंप ने फिर दोहराया अल्टीमेटम
इस दौरान ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि ईरान के पास समझौता करने के लिए मंगलवार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे) तक का वक्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस समय तक कोई डील नहीं होती, तो ईरान में ‘न पुल बचेंगे, न पावर प्लांट’ और देश पाषाण युग में पहुंच जाएगा। ट्रंप ने बताया कि ईरान ने पहले सात दिन का समय मांगा था, लेकिन अमेरिका ने उसे 10 दिन दिए। अब यह अंतिम समयसीमा है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ‘महत्वपूर्ण अवधि’ है और अब फैसला ईरान को ही करना है।


