जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बादल फटने की घटनाएं शुरू, उत्तराखंड में भी केदारनाथ धाम यात्रा प्रभावित
Monsoon Update (आज समाज), नई दिल्ली : इस साल उत्तर भारत में मानसून अपनी शुरुआत के साथ ही मुसीबत बनता दिखाई दे रहा है। हालांकि मैदानी राज्यों में प्री मानसून गतिविधियों से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश होने से किसानों ने भी राहत की सांस ली है। लेकिन इसके विपरीत पहाड़ी राज्यों में शुरुआती दौर में ही मानसून मुसीबत साबित हो रहा है।
इसका कारण है लगातार बादल फटना। गत दिवस भी जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में दो जगह बादल फटने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हिमाचल के लाहौल-स्पीति और चंबा में तीन जगह बादल फटने की घटनाएं सामने आईं। उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के लिए हैली सेवा स्थगित करनी पड़ी है और देहरादून के जौलीग्रांट हवाईअड्डे से चार उड़ानों को दूसरी जगहों पर भेजना पड़ा है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मचैल माता व मिंधल माता तीर्थस्थलों की यात्रा स्थगित करनी पड़ी है। श्रीमाता वैष्णो देवी धाम के लिए हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित हुई है।
दर्जनों सड़कें बंद होने से यातायात प्रभावित
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बारिश और भूस्खलन से दर्जनों सड़कें बंद हो गई। इससे यातायात बाधित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेषकर हिमाचल में शिमला, मनाली और धर्मशाला में 50 से अधिक सड़कों को भारी नुकसान होने से यातायात बाधित हुआ है। उत्तराखंड के देहरादून-बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में बारिश हो रही है।
दिल्ली-एनसीआर में बौछारों से गर्मी और उमस से मिली राहत
यूपी के बलिया में बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई है। बारिश और बाढ़ ने पूर्वोत्तर के साथ ही मुंबई और दक्षिण के राज्यों में भी मुश्किलें बढ़ाई है। लेकिन, पंजाब, हरियाणा समेत दिल्ली-एनसीआर में पड़ी बौछारों ने भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई है और तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।


