
कल कोर्ट में पेश की जाएगी मेडिकल रिपोर्ट
Avimukteshwaranand Controversy, (आज समाज), वाराणसी: अविमुक्तेश्वरानंद के विरुद्ध यौन उत्पीड़न मामले में बच्चों की मेडिकल रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में नाबालिगों के साथ कुकर्म की पुष्टि हुई है, अब यह रिपोर्ट शुक्रवार को कोर्ट में पेश की जाएगी। इससे पहले बुधवार को पुलिस ने पीड़ित नाबालिगों का मेडिकल टेस्ट कराया था। दो डॉक्टरों के पैनल ने प्रयागराज के सरकारी अस्पताल में मेडिकल टेस्ट किया था। इसके बाद रिपोर्ट बंद लिफाफे में गुरुवार को जांच अधिकारी को सौंप दी गई।
अब इसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बटुकों से कुकर्म किसने किया? कब किया? कहां किया? ये जांच का विषय है। पूरी जांच के बाद स्पष्ट होगा कि अविमुक्तेश्वरानंद पर लगे आरोप कितने सही हैं। थाना प्रभारी झूंसी महेश मिश्र ने बताया कि मेडिकल हो गया है। कोर्ट का मामला है। ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते। वहीं शंकराचार्य ने कहा- वो (आशुतोष महाराज) जो कहानी कह रहे हैं, सब झूठी है। उस समय जब मैं वहां मौजूद नहीं था, तो बच्चे मेरे पास कैसे आ गए। कहां से हमसे शिक्षा ले लिया।
जल्द ही न्याय होगा
इससे पहले, शंकराचार्य पर केस दर्ज कराने वाले आशुतोष महाराज ने बुधवार को कहा था कि सारे सबूत हैं। मेडिकल में बटुकों से कुकर्म की पुष्टि हुई है। जल्द ही न्याय होगा। इधर, एक पीड़ित बटुक पहली बार मीडिया के सामने आया। उसने दावा किया- मैं अध्ययन के लिए गया था, तभी मेरा शोषण किया गया। हमारे साथ और भी बच्चे थे, उनका भी शोषण किया गया।
किसने शोषण किया? इस पर पीड़ित ने कहा- अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद। क्या आप माघ मेले की बात कर रहे? इस पर उसने कहा- जी, वहां पर भी मेरे साथ 16 जनवरी को शोषण किया। शंकराचार्य के शिष्य प्रकाश और अरविंद बच्चों को बाहर से लाते हैं। इसके बाद उनके साथ यौन शोषण किया जाता है।
शंकराचार्य के वकील को जान से मारने की धमकी
वहीं, शंकराचार्य के वकील को जान से मारने की धमकी मिली है। वकील श्रीनाथ त्रिपाठी ने कहा- आज सुबह जब मैं सोकर उठा, उसके बाद अपने मोबाइल के संदेश चेक कर रहा था। इसी दौरान मुझे एक धमकी भरा मैसेज मिला, जिसमें लिखा था कि वाराणसी कचहरी को उड़ा देंगे, तुम्हें भी।इसके बाद मैंने इसकी सूचना डीएम और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को दी। सूचना मिलते ही पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
ये भी पढ़ें : Amit Shah: कांग्रेस ने सीमाएं खुली छोड़ीं, घुसपैठ बढ़ी: अमित शाह

