Manjalpur By Election 2026 Date: वडोदरा की मंजलपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा के लिए अहम घोषणा की है. 30 जुलाई 2026 को होने वाले मतदान में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरे मंजलपुर विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदाता बिना किसी नौकरी या अन्य जिम्मेदारी की बाधा के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें.
प्रशासन के फैसले के अनुसार, मंजलपुर विधानसभा क्षेत्र में काम करने वाले सरकारी, अर्द्ध-सरकारी, बैंक और निजी संस्थानों के कर्मचारियों को मतदान के लिए छुट्टी उपलब्ध कराई जाएगी. इससे बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग आसानी से मतदान केंद्रों तक पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे.
कब होंगे चुनाव?
गुजरात के मेन निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, मतदान बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी.
कानूनी प्रावधानों के तहत जारी किया गया आदेश
जिला प्रशासन ने ये आदेश नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत जारी किया है. इसके माध्यम से ये सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी कर्मचारी को वोट डालने के अधिकार से वंचित न होना पड़े और मतदान दिवस पर उन्हें आवश्यक सुविधा मिल सके.
अधिकारियों ने मंजलपुर क्षेत्र के सभी योग्य मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि मजबूत लोकतंत्र के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है और अधिक मतदान से चुनाव प्रक्रिया को मजबूती मिलती है.
उपचुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल
मंजलपुर विधानसभा सीट का उपचुनाव राजनीतिक नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवार और राजनीतिक दल मतदाताओं तक पहुंचने के लिए लगातार प्रचार कर रहे हैं. मतदान के दिन अवकाश घोषित होने से मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है, जो चुनावी नतीजों पर असर डाल सकता है.


