संघ को देखकर नहीं समझ सकते, उसे अनुभव करना पड़ेगा
Mohan Bhagwat, (आज समाज), कोलकाता: संघ को भाजपा के लेंस से देखने की कोशिश न करें। संघ को देखकर नहीं समझ सकते, उसे अनुभव करना पड़ेगा। यह कहना है राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत का। आरएसएस प्रमुख कोलकाता में संघ के 100 साल पूरे होने के मौके पर रखे गए संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संघ सिर्फ एक सर्विस आॅर्गनाइजेशन नहीं है। भागवत ने कहा कि बहुत से लोगों की प्रवृत्ति रहती है कि संघ को भाजपा के चश्मे से समझना।
यह बहुत बड़ी गलती होगी। इस दौरान मोहन भागवत ने हिंदुओं, राजनीति और संघ के कामों पर भी अपनी बात रखी। भागवत का यह बयान तब आया है, जब जर्मनी में राहुल गांधी ने उन्हें लेकर कहा था, आरएसएस चीफ खुले तौर पर कह रहे हैं कि सच नहीं, ताकत महत्वपूर्ण है।
संघ का मकसद हिंदू समाज को संगठित करना
संघ का मकसद हिंदू समाज को संगठित करना है, यह किसी के खिलाफ नहीं है। अगर आप एक्सरसाइज कर रहे हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि आप किसी पर हमला करने की योजना बना रहे हैं, आप बस खुद को फिट रख रहे हैं। संघ के जैसा दूसरा संगठन नहीं है। तुलना करते हैं तो गलतफहमी होगी। हम लोग गणवेश में संचलन करते हैं तो अगर इसे पैरामिलिट्री कहें तो गलत होगा।
भारत को विश्वगुरु बनाना लक्ष्य
संघ का गठन भारतीय समाज को तैयार करने के लिए किया गया था, ताकि भारत एक बार फिर विश्वगुरु बन सके। संघ किसी राजनीतिक मकसद, गुस्से या मुकाबले की भावना से नहीं बना था। इसे हिंदू समाज के संगठन, प्रगति और सुरक्षा के लिए शुरू किया गया था, साथ ही भारत के मूल्यों और चरित्र को बनाए रखने के लिए। क्योंकि भारत सिर्फ एक भूगोल नहीं है, यह एक परंपरा और जीवन जीने का तरीका है।
हिंदुओं से हमेशा पूछा जाएगा आपने देश के लिए क्या किया
हिंदुओं ने हमेशा इस देश के लिए खुद को जिम्मेदार माना है। इस देश में जो भी अच्छा या बुरा होता है, जो लोग खुद को हिंदू नहीं मानते, उनसे शायद ही कभी सवाल किया जाता है। लेकिन जो लोग गर्व से खुद को हिंदू कहते हैं, उनसे हमेशा पूछा जाएगा कि उन्होंने अपने देश के लिए क्या किया है।
हिंदुओं के लिए एकमात्र देश भारत
बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे हमले पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि वहां हिंदू अल्पसंख्यक हैं, इसलिए हालात मुश्किल हैं। हिंदुओं को अगर बांग्लादेश में सुरक्षित रहना है तो एकजुट रहना होगा। दुनियाभर के हिंदुओं को उनकी मदद करनी चाहिए। भागवत ने कहा कि
भारत को अपनी सीमाओं में रहकर जितनी हो सके उतनी मदद करनी चाहिए। हमें वह सब कुछ करना होगा जो हम कर सकते हैं, क्योंकि हिंदुओं के लिए एकमात्र देश भारत ही है। भारत सरकार को इस पर ध्यान देना होगा। उन्हें कुछ करना होगा। हो सकता है वे (सरकार) पहले से ही कुछ कर रहे हों। कुछ बातें बताई जाती हैं, कुछ नहीं बताई जा सकतीं। कभी नतीजे मिलते हैं, कभी नहीं मिलते। लेकिन कुछ तो करना ही होगा।
हिंदुस्तान एक हिंदू राष्ट्र, इसे साबित करने की जरूरत नही
हिंदुस्तान एक हिंदू राष्ट्र है। इसे साबित करने की जरूरत नहीं, जैसे सूरज पूरब से उगता है। हमें नहीं पता कि यह कब से हो रहा है। तो, क्या इसके लिए भी हमें संवैधानिक मंजूरी चाहिए? जो भी भारत को अपनी मातृभूमि मानता है और भारतीय संस्कृति की सराहना करता है वह भारत को एक हिंदू राष्ट्र मानता है। यह संघ की भी विचारधारा है।
हम हिंदू हैं और हमारा राष्ट्र एक हिंदू राष्ट्र
अगर संसद कभी संविधान में संशोधन करके शब्द (हिंदू राष्ट्र) जोड़ने का फैसला करती है। फिर चाहे वे ऐसा करें या न करें, कोई बात नहीं। हमें उस शब्द से कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि हम हिंदू हैं और हमारा राष्ट्र एक हिंदू राष्ट्र है। यही सच है।
ये भी पढ़ें: भारतीय रेलवे ने किराए में बढ़ोतरी की


