इजरायली हमलों में मारे के लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल, 37 लोग गंभीर रूप से घायल
Israel attacked Lebanon (आज समाज), लेबनान : पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बरकरार है। एक तरफ जहां अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता से युद्ध का कोई हल निकलता दिखाई नहीं दे रहा वहीं इजरायल द्वारा सीजफायर की घोषणा के बावजूद लेबनान पर भीषण बमबारी करने की सूचना है। इजरायल के इस हमले से लेबनान को भारी क्षति हुई है। इजरायल के हमलों में कुछ महिलाओं और बच्चों सहित कुल 14 लोगों की मौत हो गई है जबकि 37 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रविवार को देश के दक्षिणी हिस्से में हुए इजरायली हमलों में 14 लोगों की मौत हो गई। यह घटना इजरायल-हिजबुल्लाह युद्ध में हाल ही में बढ़ाई गई संघर्ष-विराम (सीजफायर) अवधि के बावजूद हुई। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मृतकों में दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं, और इसके अलावा 37 अन्य लोग घायल हुए हैं।
ईरानी सेना ने बरामद किए अमेरिकी हथियार
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे सीजफायर के बीच ईरानी सेना ने अमेरिका के उन घातक हथियारों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। जिनका प्रयोग अमेरिकी सेना ने पिछले दिनों ईरान पर किए हमलों में किया था। जो किसी कारणवश निशाने पर तो गिरे लेकिन विस्फोट नहीं हो पाया। ईरान की सेना ने अमेरिका की कई ऐसी मिसाइलें और बम बरामद किए हैं, जिनमें विस्फोट नहीं हुआ था।
ईरान अब इन हथियारों की रिवर्स इंजीनियरिंग कर इनकी तकनीक समझने की कोशिश कर रहा है। ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के ने दावा किया कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को देश के दक्षिणी प्रांत होर्मोजगान में अमेरिका की कुछ ऐसी मिसाइलें और हजारों छोटे बम मिले हैं, जिनमें विस्फोट नहीं हुआ था।
कतर और सऊदी में उच्च स्तरीय वार्ता
कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जासिम अल-थानी ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान बिन अब्दुल्ला अल सऊद से फोन पर बात की। इस बातचीत में दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय घटनाक्रमों, खासकर अमेरिका और ईरान के बीच हुए संघर्ष विराम की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए तनाव कम करने के प्रयासों पर विचार किया। कतर के प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि सभी पक्षों को मध्यस्थता की कोशिशों का सकारात्मक जवाब देना चाहिए।
ये भी पढ़ें : West Bengal Violence : पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी समर्थकों में हिंसक झड़प


