प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टरों और झंडों को उतारने पर बड़ा विवाद, पत्थरबाजी, बमबाजी और फायरिंग होने की सूचना
West Bengal Violence (आज समाज), कोलकाता : पश्चिम बंगाल में इन दिनों सियासी पारा चरम पर है। पहले दौर का मतदान संपन्न हो चुका है और दूसरे दौर के लिए चुनाव प्रचार शिखर पर है। इसी बीच राज्य के उत्तर 24 परगना जिले में रविवार रात को भाजपा और टीएमसी समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बताया जा रहा है मामला तब बड़ा जब भाजपा समर्थकों ने टीएमसी समर्थकों पर प्रधानमंत्री के पोस्टर और भाजपा के झंडे उतारने का आरोप लगाया। हलकी बहस ने देखते ही देखते बड़ी हिंसक वारदात का रूप धारण कर लिया। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है। दोनों तरफ से पत्थरबाजी, फायरिंग और बमबारी होने की भी सूचना है।
आज होनी है पीएम की जनसभा
यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमवार को होने वाली जनसभा से कुछ घंटे पहले हुई। मामले में जगद्दल पुलिस स्टेशन के सामने तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के समर्थक आपस में भिड़ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी समर्थकों ने जगद्दल इलाके में उनके प्रचार सामग्री का अपमान किया। इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक पुलिस स्टेशन के सामने जमा हो गए। वहां उनके बीच तीखी बहस हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। स्थानीय पुलिस इस स्थिति को संभालने में काफी मशक्कत करती दिखी।
विधायक के आवास पर फेंके गए बम
इस संघर्ष के दौरान भाटपारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और विधायक पवन सिंह के आवास पर बम फेंके गए। विधायक के घर पर हुए इस हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। इस धमाके में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह ने कहा कि यह विवाद पिछले दिन एक नुक्कड़ सभा के दौरान शुरू हुआ था।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पार्षद के नेतृत्व में टीएमसी के लोगों ने भाजपा के कार्यक्रमों में बाधा डाली। पवन सिंह के मुताबिक, जब वे पुलिस स्टेशन से शिकायत करके घर लौट रहे थे, तब उन पर पत्थरों और बमों से हमला किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस दौरान हुई फायरिंग में एक सीआईएसएफ जवान के बाएं पैर में गोली लग गई। दूसरी ओर, भाटपारा से टीएमसी उम्मीदवार अमित गुप्ता ने इन आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि विवाद अचला बागान वार्ड में शुरू हुआ था।
ये भी पढ़ें : Heat Waves in North India : लू से बेहाल उत्तर-पश्चिम भारत के राज्य


