यूएई ने अप्रैल में लावान द्वीप की आॅयल रिफाइनरी को बनाया था निशाना, वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में किया गया दावा
Iran US War Ceasefire, तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरानी नेतृत्व को बेईमान बताया है। उन्होंने कहा कि ईरानी नेता बार-बार अपनी बात बदलते हैं और बातचीत को लंबा खींचते हैं। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि जिन दस्तावेजों को पहुंचने में 20 मिनट लगने चाहिए, उन्हें ईरान 5 दिन बाद भेजता है।
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता कई बड़े विवादित मुद्दों में उलझी हुई है। होर्मुज स्ट्रेट, ईरानी जहाजों की अमेरिकी नाकेबंदी, परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में राहत और बैलिस्टिक मिसाइल जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं।
लंबे समय तक उत्पादन रहा प्रभावित
वहीं, वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा कियास गया है कि संयुक्त अरब अमीरात ने ईरान पर गुप्त सैन्य हमले किए। रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल में ईरान के लावान द्वीप स्थित आॅयल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया था, जिससे वहां बड़ी आग लग गई और उत्पादन लंबे समय तक प्रभावित रहा।
जवाब में तेहरान ने यूएई और कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए
रिपोर्ट के मुताबिक हमला अप्रैल की शुरूआत में हुआ, उसी समय जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प युद्धविराम की घोषणा कर रहे थे। ईरान ने उस समय कहा था कि रिफाइनरी दुश्मन के हमले में क्षतिग्रस्त हुई है। इसके बाद तेहरान ने यूएई और कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे।
किसी भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई का जवाब देने का अधिकार
रिपोर्ट में कहा गया है कि यूएई ने इन हमलों को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया है। हालांकि, यूएई विदेश मंत्रालय ने कहा कि देश को किसी भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई का जवाब देने का अधिकार है, जिसमें सैन्य कार्रवाई भी शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका इस हमले से नाराज नहीं था, क्योंकि उस समय युद्धविराम पूरी तरह लागू नहीं हुआ था।
ईरान ने चीन के 4-पॉइंट प्लान का समर्थन किया
चीन में ईरान के राजदूत अब्दोलरेजा रहमानी फजली ने कहा है कि ईरान, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के उस 4 पॉइंट प्लान का समर्थन करता है, जिसका मकसद खाड़ी क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा और विकास लाना है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि ईरान इस प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए तैयार है। शी जिनपिंग के इस प्लान में 4 मुख्य बातें शामिल हैं।
पश्चिम एशिया और फारस की खाड़ी में शांति और साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था बनाना। सभी देशों की संप्रभुता, सीमाओं और सुरक्षा का सम्मान करना। अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करना और सैन्य ताकत के दम पर फैसले लेने से बचना। विकास और सुरक्षा को साथ लेकर चलना, ताकि क्षेत्र में आर्थिक विकास और लंबे समय तक स्थिरता बनी रहे।


