
सीबीएस की रिपोर्ट में किया गया दावा, नूर खान एयरबेस पर दिखा ईरानी सी-130 विमान
Iranian Military Planes, (आज समाज), इस्लामाबाद: सीबीसी न्यूज की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान ने ईरानी सैन्य विमानों को अपने एयरबेस पर पार्क करने की अनुमति दी ताकि उन्हें संभावित अमेरिकी हवाई हमलों से बचाया जा सके। ऐसा उसने तब किया जब वह चल रहे अमेरिका-ईरान संघर्ष में खुद को एक मध्यस्थ के रूप में पेश कर रहा था।
रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि अप्रैल में सीजफायर के ऐलान के कुछ दिन बाद ईरान ने कई विमान पाकिस्तान एयरफोर्स के नूर खान एयरबेस भेजे। रिपोर्ट में कहा गया है कि भेजे गए विमानों में ईरानी एयरफोर्स का आरसी-130 विमान भी शामिल था।
यह लॉकहीड सी-130 हरक्यूलिस ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट का खुफिया और निगरानी मिशन वाला वर्जन माना जाता है। इस रिपोर्ट पर वरिष्ठ अमेरिकी सांसदों ने तेहरान और वाशिंगटन के बीच शांति स्थापित करने के प्रयासों में इस्लामाबाद की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
पाकिस्तान बोला- विमान युद्धविराम के दौरान आए थे
चीन की एक कंपनी ने नूर खान एयरबेस की सैटेलाइट तस्वीरें दिखाई थी जिससे पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश हो गया है। प्रतिबंधित चीनी कंपनी ट्र९ं१५्र२्रङ्मल्ल अप्रैल 2026 की एक तस्वीर जारी की जिसमें नूर खान एयरबेस पर सी-130 एयरक्राफ्ट दिखाई दे रहा है। सैटेलाइट तस्वीरों में उस जगह पर एक सैंड कैमो वाला सी-130 विमान दिखाई दे रहा है।
जबकि पाकिस्तान इस तरह की लिवरी (रंग-रूप) वाले विमानों का संचालन नहीं करता है तो यह विमान किसका है? दूसरी तरफ पाकिस्तान ने भी माना है कि ये विमान उसके एयरबेस पर पहुंचे थे। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा, पाकिस्तान में मौजूद ईरानी विमान युद्धविराम के दौरान आए थे और उनका किसी सैन्य अभियान से कोई संबंध नहीं है।
अफगानिस्तान भी भेजे गए विमान
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान ने कुछ नागरिक विमान अफगानिस्तान भी भेजे। एक अफगान सिविल एविएशन अधिकारी ने दावा किया कि माहान एयर का एक विमान युद्ध शुरू होने से पहले काबुल पहुंचा था। ईरानी एयरस्पेस बंद होने के बाद वह विमान काबुल एयरपोर्ट पर ही रुका रहा।
अफगानिस्तान में ईरानी विमानों की मौजूदगी से इनकार किया
मार्च में पाकिस्तान और तालिबान सरकार के बीच तनाव बढ़ने पर काबुल एयरपोर्ट पर हमले की आशंका बनी। इसके बाद तालिबान के सिविल एविएशन अधिकारियों ने माहान एयर के विमान को सुरक्षा कारणों से ईरान सीमा के पास हेरात एयरपोर्ट भेज दिया। तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने अफगानिस्तान में ईरानी विमानों की मौजूदगी से इनकार किया।
पाकिस्तान की चीन पर सैन्य निर्भरता बढ़ी
रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले दशक में पाकिस्तान की चीन पर सैन्य निर्भरता काफी बढ़ी है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट की एक स्टडी के मुताबिक 2020 से 2024 के बीच पाकिस्तान के 80% बड़े हथियार चीन ने सप्लाई किए।
पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच 11-12 अप्रैल को इस्लामाबाद में पहले दौर की बातचीत हुई थी। 21 घंटे तक यह वार्ता चलने के बावजूद नाकाम हो गई थी। दोनों के बीच होर्मुज स्ट्रेट पर कंट्रोल और न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी।
ये भी पढ़ें: ईरानी नेतृत्व बेईमान: ट्रम्प

