इजराइल ने भी जवाबी कार्रवाई में पश्चिमी और मध्य ईरान पर किए हमले
West Asia Crisis (आज समाज), तेहरान : अमेरिका और ईरान तनाव बढ़ने के साथ ही पश्चिम एशिया में स्थिति एक बार फिर से विस्फोटक बन चुकी है। एक तरफ जहां पिछले कुछ दिन से सीजफायर के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य हमले जारी हैं। वहीं अब ईरान ने अप्रैल के बाद पहली बार इजराइल पर मिसाइल हमला किया है। हालांकि इजराइल ने दावा किया है कि ईरान की इन मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया। इसके कुछ घंटों बाद इजराइल ने ईरान में जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी।
इजराइली सेना ने कहा कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। वहीं ईरान ने पश्चिम एशिया तनाव की मौजूदा स्थिति के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। ईरान ने कहा कि अमेरिका के बार-बार बदलते रुख के कारण वार्ता आगे नहीं बढ़ रही। तेहरान ने एक बार फिर यूरेनियम संवर्धन के अधिकार और विदेशों में फ्रीज अरबों डॉलर की संपत्तियां जारी करने की मांग दोहराई।
इजराइली सेना ने किया यह दावा
इजराइली सेना ने दावा किया कि ज्यादातर मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर लिया गया। हालांकि उत्तरी इजराइल में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ईरानी समाचार एजेंसी के मुताबिक, तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई विस्फोट हुए। आईआरजीसी ने दावा किया कि इजराइल ने हमलों में एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया।
ईरान ने बंद किया एयरस्पेस
हमलों के बाद ईरान ने राजधानी तेहरान के इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास का एयरस्पेस बंद कर दिया। इराक ने 72 घंटे और सीरिया ने 12 घंटे के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद करने का फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से तत्काल बड़े जवाबी हमले से बचने को कहा था। हालांकि इसके बावजूद इजराइल ने ईरान में सैन्य कार्रवाई की। ईरान और इजराइल के बीच यह ताजा टकराव ऐसे समय हुआ है जब दोनों देशों के बीच सीजफायर को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ था।
ये भी पढ़ें : Philippines Earthquake : फिलीपींस में शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी


