कहा, हमारे पास दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : ईरान के खिलाफ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्टÑपति ने एक बार फिर से बड़ा बयान दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खिलाफ की जा रही सैन्य कार्रवाई बिल्कुल सही दिशा में आगे बढ़ रही है और ईरान जल्द ही अपनी हार स्वीकार कर लेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना है और वह जरूरी कदम उठा रही है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ चल रही स्थिति तेजी से बदल रही है। उनके अनुसार अमेरिका की सैन्य कार्रवाई प्रभावी है और ईरान को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान आतंक और नफरत को बढ़ावा देने वाला देश है और अमेरिका इस खतरे से निपटने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।
कभी सोचा नहीं सेना का इतना इस्तेमाल करना पड़ेगा
ट्रंप ने कहा कि उनके पहले कार्यकाल में अमेरिका की अर्थव्यवस्था मजबूत रही और उस समय सेना को भी काफी मजबूत किया गया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से आज अमेरिका की सैन्य ताकत और क्षमता मजबूत दिखाई दे रही है। ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि सेना का इतना ज्यादा इस्तेमाल करना पड़ेगा। ट्रंप ने मिशिगन के डेट्रॉयट शहर में एक यहूदी सिनेगॉग पर हुए हमले को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस घटना की पूरी जानकारी उन्हें दी गई है और यह बेहद दुखद घटना है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन इस मामले की गहराई से जांच करेगा और जल्द ही इसकी सच्चाई सामने लाएगा।
मिशिगन समुदाय और पीड़ितों के साथ हूं
ट्रंप ने कहा कि वह मिशिगन के यहूदी समुदाय और डेट्रॉयट के लोगों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सिनेगॉग पर हुआ हमला बेहद गंभीर है और इसकी पूरी जांच की जाएगी। ट्रंप ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन इस मामले की तह तक जाएगा और जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
ये भी पढ़ें : PM Modi on West Asia Crisis : पश्चिम एशिया संकट का हल संवाद और कूटनीति से संभव : पीएम


