इजराइल के प्रधानमंत्री ने अमेरिका के साथ इजराइल की ईरान पर कार्रवाई को पूरी दुनिया की लड़ाई बताया
West Asia Crisis (आज समाज), तेल अवीव : अमेरिका और इजराइल ने इस साल 28 फरवरी को मिलकर ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था। युद्ध के पहले ही दिन इन दोनों ने ईरान के सुप्रीम लीडर सहित दर्जनों नेताओं और सेना अधिकारियों को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि इसके बाद ईरान ने संभलते हुए इनका मजबूती से सामना किया और जोरदार टक्कर दी।
वहीं अब इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक इंटरव्यू में इस युद्ध को पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद बताते हुए कहा है कि ईरान पूरी दुनिया के लिए खतरा बन चुका था। नेतन्याहू ने दावा किया कि अगर इजराइल और अमेरिका ने हाल में कार्रवाई नहीं की होती, तो ईरान एक-दो महीने में परमाणु बम बना सकता था। उन्होंने कहा कि ईरान लंबे समय से परमाणु हथियार और लंबी दूरी की मिसाइलें विकसित करने की कोशिश कर रहा था।
ईरान खुले तौर पर कर रहा था विनाश का प्रयास
नेतन्याहू ने कहा कि ईरान ऐसा देश है, जो खुले तौर पर अमेरिका और इजराइल के विनाश की बात करता है। उनके मुताबिक, ईरान की मिसाइल क्षमता भविष्य में अमेरिका तक हमला करने की स्थिति में पहुंच सकती थी। इसी बीच, नेतन्याहू ने यह भी कहा कि ईरानी शासन का कमजोर होना हिजबुल्लाह, हमास और हूती जैसे संगठनों को भी प्रभावित करेगा।
उनके मुताबिक, ये सभी संगठन ईरान के समर्थन पर टिके हैं और अगर तेहरान कमजोर हुआ तो इनकी ताकत भी घटेगी। उन्होंने दावा किया कि युद्ध से पहले हिजबुल्लाह के पास करीब डेढ़ लाख मिसाइलें और रॉकेट थे। इजराइल ने इनमें से 90% से ज्यादा नष्ट कर दिए हैं, लेकिन खतरा अब भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
ईरान की अर्थव्यवस्था और सैन्य ताकत को नुकसान पहुंचा
सोशल मीडिया और अमेरिका में इजराइल की छवि को लेकर पूछे गए सवाल पर नेतन्याहू ने कहा कि कई विदेशी ताकतें बॉट फार्म और फर्जी अकाउंट के जरिए इजराइल विरोधी माहौल बना रही हैं। उन्होंने कहा कि इसका असर खासतौर पर युवा अमेरिकियों पर पड़ा है। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि इजराइल आने वाले वर्षों में अमेरिकी सैन्य आर्थिक मदद को धीरे-धीरे खत्म करना चाहता है।
उनके मुताबिक, इजराइल अब मदद लेने वाले देश की बजाय अमेरिका का बराबरी वाला साझेदार बनना चाहता है। उन्होंने कहा कि अगले 10 साल में अमेरिकी सैन्य सहायता को शून्य तक लाने की योजना बनाई जा सकती है। साथ ही इजराइल खुफिया जानकारी, तकनीक और मिसाइल डिफेंस जैसे क्षेत्रों में अमेरिका के साथ साझेदारी बढ़ाना चाहता है।
ये भी पढ़ें : Donald Trump China Visit : ईरान मुद्दे पर हमें चीन की मदद नहीं चाहिए : ट्रंप


