हर किमी पर देने होंगे 1-2 पैसे ज्यादा, 26 दिसंबर से लागू होगा नया किराया
Indian Railways Train Ticket Price, (आज समाज), नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने किराए में बढ़ोतरी की है। बढ़ा हुआ किराया 26 दिसंबर 2025 से लागू होगा। कम दूरी की यात्रा करने वालों और मंथली सीजन टिकट होल्डर्स के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन 215 किलोमीटर से ज्यादा का सफर करने वाले यात्रियों को अब हर किलोमीटर के लिए 1 से 2 पैसे अतिरिक्त चुकाने होंगे।
रेलवे का अनुमान है कि इस बदलाव से उसे सालाना 600 करोड़ रुपए की अतिरिक्त कमाई होगी। रेलवे ने छोटे रूट और सीजन टिकट वालों को राहत रेलवे ने छोटे रूट पर यात्रा करने वाले करोड़ों यात्रियों को राहत दी है। कम दूरी की यात्राएं पहले की तरह ही सस्ती बनी रहेंगी।
लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को दी राहत
इसके अलावा, रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी राहत की खबर है। रेलवे ने सब-अर्बन (उपनगरीय) ट्रेनों और मंथली सीजन टिकट की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। इससे मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई जैसे शहरों में लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों पर कोई बोझ नहीं पड़ेगा।
अपनी सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने में जुटा रेलवे
रेलवे मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, यह किराया बढ़ोतरी आॅपरेशनल कॉस्ट (परिचालन लागत) में हो रही वृद्धि और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स को फंड करने के लिए जरूरी है। रेलवे लगातार अपनी सेवाओं को बेहतर बनाने, नई ट्रेनें चलाने और स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर काम कर रहा है।
600 करोड़ रुपए की होगी अतिरिक्त आय
इस किराया बढ़ोतरी से मिली 600 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय का इस्तेमाल इन्हीं कामों में किया जाएगा। यह देश का दूसरा सबसे बड़ा नियोक्ता है और इसके नेटवर्क को मेंटेन करने में भारी खर्च आता है। इससे पहले इसी साल 1 जुलाई को सरकार ने रेल किराए में बढ़ोतरी की थी। तब नॉन-एसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और एसी क्लास के किराए में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की थी।
ये भी पढ़ें : S. Jaishankar: हम प्रधानमंत्री मोदी के लिए हमुमान जी की तरह कर रहे सेवा


