43 साल बाद नॉर्वे की यात्रा करने वाले प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी
PM Modi Norway Visit (आज समाज), ओस्लो : अपनी पांच देशों की यात्रा के दौरान आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्वे पहुंच चुके हैं। ज्ञात रहे कि यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की 43 साल बाद नॉर्वे यात्रा है। इस दौरान नॉर्वे की राजधानी ओस्लो पहुंचने पर वहां के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे ने उनका स्वागत किया। मोदी की यह यात्रा उनके 5 देशों के दौरे का चौथा चरण है। इससे पहले वे यूएई, नीदरलैंड और स्वीडन का दौरा कर चुके हैं।
इसके बाद वे इटली जाएंगे। भारत और नॉर्वे के बीच व्यापार करीब 2.73 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं नॉर्वे के सरकारी वेल्थ फंड ने भारतीय बाजारों में करीब 28 बिलियन डॉलर का निवेश किया है। भारत और पूरे नॉर्डिक क्षेत्र के बीच कुल व्यापार करीब 19 बिलियन डॉलर आंका गया है।
पीएम ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वे नॉर्वे पहुंच गए हैं और प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि चार दशक से ज्यादा समय बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नॉर्वे यात्रा है और उन्हें भरोसा है कि इससे भारत-नॉर्वे दोस्ती को नई ऊर्जा मिलेगी। मोदी नॉर्वे के किंग हेराल्ड पंचम और क्वीन सोन्या से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे प्रधानमंत्री स्टोरे के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
भारत-नॉर्डिक समिट में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी
19 मई को ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। मोदी ने कहा कि यह उनके नॉर्डिक समकक्षों से मुलाकात का शानदार अवसर होगा। इस समिट में नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के नेता शामिल होंगे। यह भारत-नॉर्डिक समिट पहली बार 2018 में स्टॉकहोम और दूसरी बार 2022 में कोपेनहेगन में हुई थी। इस बार बैठक में ग्रीन एनर्जी, डिजिटलाइजेशन, रक्षा सहयोग, जलवायु परिवर्तन और आर्कटिक नीति जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।


