सीबीआई ने लातूर से एक कोचिंग सेंटर के संचालक को किया गिरफ्तार, अब तक इस केस में कुल 10 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी
NEET Paper Leak Case (आज समाज), लातूर : नीट पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई द्वारा लगातार जारी है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है इस मामले में गिरफ्तारियों की गिनती भी बढ़ती जा रही है। सीबीआई का मानना है कि यह संगीन मामला काफी ज्यादा हाई प्रोफाइल है और इसकी अभी कई परतें खुलना बाकी हैं।
इसी बीच रविवार को सीबीआई की टीमों ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए महाराष्टÑ के लातूर शहर में दबिश दी। यहां के एक नामी कोचिंग सेंटर के संचालक को सीबीआई की टीम ने गिरफ्तार किया है। संचालक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर के रूप में हुई है, जो रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस नाम से कोचिंग संस्थान चलाता है।
इस तरह आरोपी तक पहुंची सीबीआई
रविवार को एजेंसी द्वारा की गई तलाशी के दौरान मोटेगांवकर के मोबाइल फोन पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा का एक लीक हुआ प्रश्न पत्र मिला था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई ने रविवार को आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच के दौरान मोटेगांवकर के मोबाइल फोन से कथित तौर पर नीट यूजी परीक्षा का लीक प्रश्नपत्र बरामद हुआ। इसके बाद एजेंसी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी का आरोप है कि शिवराज मोटेगांवकर उस संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य था, जो नीट यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक करने और उसे फैलाने में शामिल था।
अभी तक इनको किया जा चुका गिरफ्तार
पेपर लीक मामले में सीबीआई अब तक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर समेत 10 गिरफ्तारियां कर चुकी हैं। मोटेगांवकर के अलावा अब तक मनीषा गुरुनाथ मांधरे, प्रो. पी.वी. कुलकर्णी, मांगीलाल बीवाल, विकास बीवाल, दिनेश बीवाल, यश यादव, शुभम खैरनार, मनीषा वाघमारे और धनंजय लोखंडे की गिरफ्तारी हो चुकी है।
नीट परीक्षा से पहले ही मिल गया पेपर
सीबीआई के अनुसार, आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर नीट यूजी परीक्षा से पहले ही 23 अप्रैल 2026 को प्रश्नपत्र और उसके उत्तर प्राप्त कर लिए थे। इसके बाद उसने यह पेपर कई लोगों तक पहुंचाया। फिलहाल सीबीआई मामले की जांच में जुटी हुई है और पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें : Kerala CM Oath Ceremony : वीडी सतीसन ने केरल मुख्यमंत्री पद की शपथ ली


