UAE President’s India Visit : भारत और यूएई देंगे रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा

0
306
UAE President's India Visit : भारत और यूएई देंगे रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा
UAE President's India Visit : भारत और यूएई देंगे रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा

राजधानी दिल्ली में यूएई राष्ट्रपति व पीएम मोदी के बीच होगी अहम बैठक

UAE President’s India Visit (आज समाज), नई दिल्ली : वर्तमान में लगातार बदलती वैश्विक राजनीतिक तस्वीर के बीच भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच आपसी रणनीतिक साझेदारी पर अहम चर्चा होगी। यह चर्चा यूएई राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच होगी। ज्ञात रहे कि यूएई के राष्टÑपति आज भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं।

रविवार को विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति नाहयान की भारत का यह तीसरा आधिकारिक दौरा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति नाहयान भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने पर चर्चा करेंगे। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा, जिन पर दोनों देशों की सोच काफी हद तक समान है।

पिछले दस साल में 5वां भारत दौरा

राष्ट्रपति बनने के बाद यह नाहयान की भारत की तीसरी आधिकारिक यात्रा होगी, जबकि पिछले दस वर्षों में यह उनका पांचवां भारत दौरा है। यह यात्रा भारत और यूएई के बीच हाल के उच्चस्तरीय संपर्कों से बनी मजबूत गति को आगे बढ़ाएगी। इनमें सितंबर 2024 में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान और अप्रैल 2025 में दुबई के क्राउन प्रिंस व यूएई के उप प्रधानमंत्री व रक्षा मंत्री हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की भारत यात्रा शामिल है।

दोनों देश एक-दूसरे के व्यापारिक साझेदार

भारत और यूएई के बीच राजनीतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक क्षेत्रों में मजबूत और बहुआयामी संबंध हैं। दोनों देश एक-दूसरे के प्रमुख व्यापार और निवेश साझेदार हैं। व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए), लोकल करेंसी सेटलमेंट (एलसीएस) प्रणाली और द्विपक्षीय निवेश संधि ने इन रिश्तों को और मजबूती दी है। ऊर्जा क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक आपूर्ति समझौते सहित मजबूत साझेदारी है।

दिसंबर 2025 में पाकिस्तान गए थे यूएई राष्ट्रपति

ज्ञात रहे कि पिछले माह यानी दिसंबर 2025 में यूएई राष्ट्रपति पाकिस्तान के दौरे पर थे। वहां पर उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री सहित अन्य उच्च नेताओं से भी अहम मुलाकात की थी। यूएई हमेशा से पाकिस्तान को आर्थिक मदद करने वाले देशों में शुमार रहा है। अब दो माह में एशिया के दो पड़ोसी देशों की यात्रा के कर रहे यूएई राष्ट्रपति पीएम मोदी के साथ बैठक में क्या फैसले लेते हैं यह आने वाले दिनों में पता चलेगा।

ये भी पढ़ें : Weather Update Today : उत्तर भारत में अभी छाया रहेगा कोहरा

  • TAGS
  • [post_tags]