
भाजपा के निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन, पीएम मोदी ने कराया पदभार ग्रहण
BJP President Nitin Nabin, (आज समाज), नई दिल्ली: नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए। भाजपा अध्यक्ष पद तक पहुंचने वाले नितिन नबीन 12वें व्यक्ति है। आज नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में नितिन नबीन के नाम का ऐलान किया गया है। इसके बाद पीएम मोदी उन्हें पार्टी अध्यक्ष के दफ्तर लेकर गए। पदभार ग्रहण करवाया। मिठाई खिलाई और उनके परिवार से भी मिले। इस मौके पर पीएम मोदी ने नितिन नबीन का माला पहनाकर स्वागत किया।
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां लोगों को लगता होगा कि मोदीजी इतनी छोटी उम्र में मुख्यमंत्री बन गए। हेड आॅफ द गवर्नमेंट बन गए हैं। इन सबसे बड़ी चीज है कि मैं इखढ का कार्यकर्ता हूं। लेकिन मैं मानता हूं कि नितिनजी मेरे बॉस हैं, मैं कार्यकर्ता हूं। अब वे मेरे काम का आकलन करेंगे। नितिन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।


राजनीति सत्ता नहीं, साधना
अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन ने अपने पहले भाषण में कहा, हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि हमने कार्यकर्ता के तौर पर पीएम मोदी के देशसेवा के काम करते हुए देखा। आपको देख कर ही सीखा है कि जो व्यक्ति खुद को लोगों की भावनाओं से जुड़ने वाला बना सकता है, वही बड़ा शख्स बनता है।
कांग्रेस अपने पतन की ओर
पीएम ने कहा, आज देश को याद भी नहीं होगा कि 1984 में कांग्रेस को 400 से अधिक सीटें मिली थीं और देश ने कांग्रेस को करीब-करीब 50% वोट दिया था, लेकिन आज कांग्रेस 100 सीटों के लिए तरस गई है। कांग्रेस अपने इस घनघोर पतन की कभी समीक्षा नहीं करती, क्योंकि अगर समीक्षा करेंगे और पतन के कारणों पर जाएंगे तो उसी परिवार पर सवाल उठेंगे, जिस परिवार ने कांग्रेस पर कब्जा कर रखा है। और इसलिए बहाने ढूंढते रहते हैं। पतन का सही कारण ढूंढने की हिम्मत तक खो चुके हैं।
घुसपैठिए देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा
मोदी ने कहा, आज देश के सामने बहुत बड़ी चुनौती घुसपैठियों की है। दुनिया के समर्थ देश भी अपने देश में घुसपैठियों की जांच पड़ताल कर रहे हैं और उनको पकड़-पकड़ कर निकाल रहे हैं। दुनिया में कोई अपने देश में घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करता, भारत भी घुसपैठियों को अपने गरीबों, युवाओं के हक लूटने नहीं दे सकता।
घुसपैठिए देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा है, उनकी पहचान करके उन्हें वापस उनके देश भेजना बहुत जरूरी है। इसके अलावा ऐसे राजनीतिक दल जो वोट बैंक की राजनीति में घुसपैठियों को बचा रहे हैं, उन्हें हमें पूरी शक्ति से जनता के सामने बेनकाब करना होगा।
भाजपा एक संस्कार
पीएम ने कहा, भाजपा एक संस्कार है। भाजपा एक परिवार है। हमारे यहां मेंबरशिप से भी ज्यादा रिलेशनशिप होती है। भाजपा एक ऐसी परंपरा है, जो पद से नहीं प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है। हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है लेकिन दिशा नहीं बदलती।

