संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने सभी पक्षों से की संघर्ष विराम की अपील
West Asia Crisis Update (आज समाज), नई दिल्ली : अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी को युद्ध शुरू हुआ था। इसके बाद अप्रैल में अमेरिका ने युद्ध विराम की घोषणा कर दी थी जोकि अभी भी जारी है। हालांकि दोनों पक्षों की तरफ से अभी युद्ध विराम जारी है लेकिन इसका कोई स्थाई समाधान फिलहाल नहीं हो पाया है। दोनों देशों की तरफ से स्थाई समझौते के लिए की जा रही बातचीत फिलहाल बंद है और अमेरिका ने ईरान की तरफ से भेजा गया वार्ता प्रस्ताव पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
इसी बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने पश्चिम एशिया में जारी संकट पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि मानवता इसकी भारी कीमत चुका रही है। उन्होंने सभी पक्षों से संघर्ष विराम को कमजोर करने वाले किसी भी कदम से बचने का आग्रह किया है।
गुटेरेस ने एक पोस्ट में लिखा, “पश्चिम एशिया संकट अपने तीसरे महीने में प्रवेश कर गया है और पूरी मानवता इसकी कीमत चुका रही है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सभी पक्षों को संघर्ष विराम को बनाए रखने के लिए कार्रवाई से बचना चाहिए और शांतिपूर्ण, व्यापक और स्थायी समाधान की ओर बढ़ना चाहिए।
ईरान ने फिर भेजा वार्ता प्रस्ताव
ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत के लिए अपना नया प्रस्ताव पाकिस्तान के जरिए भेजा है। ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। माना जा रहा है कि इस कदम से चल रहे युद्ध को खत्म करने की कोशिशों को नया रास्ता मिल सकता है। हालांकि प्रस्ताव के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह प्रस्ताव अभी तक अमेरिका तक पहुंचा है या नहीं।
इस खबर के बाद वैश्विक तेल कीमतों में थोड़ी गिरावट देखी गई, क्योंकि इससे तनाव कम होने की उम्मीद जगी है। ईरान द्वारा हॉर्मुज जलडमरूमध्य में नाकेबंदी के कारण दुनिया की लगभग 20% तेल और गैस सप्लाई प्रभावित हुई है। वहीं अमेरिका ने ईरानी तेल निर्यात को रोकने के लिए नौसेना तैनात कर रखी है।
ईरान के पास दो ही विकल्प बचे : ट्रंप
इसी बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर द्वारा दी गई ब्रीफिंग के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि विकल्प मौजूद हैं। क्या हम जाकर उन्हें पूरी तरह से तबाह कर देना चाहते हैं और हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहते हैं? या हम एक समझौता करने की कोशिश करना चाहते हैं। ये विकल्प हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि मानवीय दृष्टिकोण से मैं ऐसा नहीं करना चाहूंगा। लेकिन यह विकल्प है क्या हम भारी बल प्रयोग करके उन्हें खत्म कर देना चाहते हैं या हम कुछ और करना चाहते हैं?
ये भी पढ़ें : Crude Oil : अमेरिका-ईरान तनाव से क्रूड ऑयल की कीमत बेकाबू


