उपद्रवियों ने पहले बुरी तरह पीटा फिर आग लगाने की कोशिश की, युवक की हालत गंभीर
Bangladesh violence (आज समाज), ढाका : भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में एक तरफ जहां राजनीतिक अस्थिरता और प्रदर्शनों का दौर जारी है वहीं वहां रह रहे हिंदुओं के खिलाफ लगातार हिंसक वारदात भी सामने आ रहीं हैं। पिछले लगभग एक माह के भीतर वहां पर रह रहे हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। हिंदुओं के खिलाफ हो रहीं हिंसक वारदाताओं में अभी तक जहां दो युवकों की मौत हो चुकी है वहीं कई घरों को भी जला दिया गया है वहीं एक बार फिर से गत दिवस एक हिंदू व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया। हालांकि इस हमले में युवक ने किसी तरह अपनी जान तो बचा ली लेकिन उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
रात के समय किया गया हमला
ताजा मामला बांग्लादेश के शरियतपुर जिले के दामुद्या इलाके में सामने आया है। यहां पर रात को बाजार बंद कर घर लौट रहे एक कारोबारी पर बदमाशों ने हमला कर दिया। पहले बेरहमी से पिटाई की गई, फिर धारदार हथियार से वार किया गया और आखिर में शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर हालत में कारोबारी को ढाका रेफर किया गया है। घायल कारोबारी की पहचान 50 वर्षीय खोकन चंद्र दास के रूप में हुई है। वह केनश्वर यूनियन के केउरभंगा बाजार में दवा और मोबाइल बैंकिंग का कारोबार करते हैं। हमलावरों ने दामुद्या-शरियतपुर रोड पर केउरभंगा बाजार के पास आॅटो रुकवाया और उन पर हमला कर दिया।
पहले की पिटाई, फिर लगाई आग
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बदमाशों ने पहले खोकन चंद्र दास की पिटाई की। इसके बाद उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यहीं नहीं रुके हमलावर, बल्कि उन्होंने खोकन के सिर पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए खोकन चंद्र दास सड़क किनारे स्थित एक तालाब में कूद गए। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और रात करीब 10 बजे शरियतपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें उसी रात ढाका भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें : Weather Update Today : पहाड़ों में आज और कल बारिश, बर्फबारी का अलर्ट


