26 अप्रैल से जौलीग्रांट हेलीपैड से शुरू होगी सेवा, रात्रि विश्राम के साथ प्रति व्यक्ति किराया 1.35 लाख रुपए होगा
Char Dham Yatra 2026 (आज समाज), देहरादून : चार धाम यात्रा 2026 आगामी 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। उत्तराखंड सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके चलते जहा चारधाम यात्रा के दौरान टोकन सिस्टम चलाया जाएगा। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शनों के लिए हेलीपैड सेवा का भी प्रबंध कर दिया गया है। यह सेवा जौलीग्रांट हेलीपैड से 26 अप्रैल से शुरू कर दी जाएगा। हालांकि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं को अपनी जेब ढीली जरूर करनी होगी। इसके लिए जौलीग्रांट में रात्रि विश्राम के साथ प्रति व्यक्ति किराया 1.35 लाख रुपए होगा। पिछले वर्ष किराया एक लाख 21 हजार और एक लाख 41 हजार के करीब था।
एमआई-17 डबल इंजन हेलीकॉप्टर होगा इस्तेमाल
रुद्राक्ष एविएशन अपने एमआई-17 डबल इंजन हेलीकॉप्टर से सेवा को शुरू करने जा रहा है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही सेवा शुरू कर दी जाएगी। जौलीग्रांट हेलीपैड से रुद्राक्ष एविएशन अपने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से पिछले तीन वर्षों से लगातार बदरी-केदार के लिए उड़ानें संचालित कर रहा है। इस बार कंपनी 26 अप्रैल से 15 जून बरसात शुरू होने से पहले तक दो धामों के लिए यात्रा शुरू करने की तैयारियों में जुटी हुई है। बरसात के बाद सितंबर माह में फिर से इस हेली सेवा को शुरू किया जाएगा।
जौलीग्रांट हेलीपैड से हेलीकॉप्टर सुबह साढ़े छह बजे उड़ान भरेगा। एक ही दिन में दो धामों की यात्रा पूरी की जा सकेगी। वहीं रात्रि विश्राम की सुविधा भी श्रद्धालुओं को दी जाएगी। मौसम ठीक होने पर हेलीकॉप्टर जौलीग्रांट से एक दिन में दो बार उड़ान भरेगा। फिलहाल कंपनी के अधिकारी मंजूरी और अन्य औपचारिकताओं में जुटे हुए हैं। जिसके बाद ही इस सेवा को शुरू किया जाएगा।
दर्शनों के लिए होगा टोकन सिस्टम
इसके साथ ही इस यात्रा को लेकर केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में विशेष प्रबंध करते हुए प्रबंधन बोर्ड ने यहां पर मंदिर में दर्शनों के लिए टोकन व्यवस्था जारी रखी जाएगी। ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए कम समय लगे और उन्हें लंबी कतारों में न खड़ा होना पड़े।
पिछले साल से दोगुना हुए डेंजर जोन
चारधाम यात्रा मार्ग पर इस बार पिछले साल से करीब दो गुने डेंजर जोन हो गए हैं। आपदा के चलते इस मार्ग पर भूस्खलन जोन और ब्लैक स्पॉट में बढ़ोतरी हुई है। इनकी संख्या पिछले साल करीब 58 थी जो कि इस साल 100 से अधिक हो गई है। ऐसे में आईजी रेंज की ओर से पुलिस और संबंधित विभागों को इन जगहों की निगरानी करने के निर्देश जारी किए हैं। यात्रा से पहले इनमें से कुछेक को दुरुस्त भी कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Air India CEO : एयर इंडिया के सीईओ ने छोड़ा पद


