उत्तर भारत में करीब तीन माह बाद हुई बारिश, तेज हवाओं व ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से समस्त उत्तर भारत में बारिश का दौर शुक्रवार को दिनभर जारी रहा। जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि हुई। इससे एक तरफ जहां लोगों का पिछले तीन माह से बारिश का इंतजार खत्म हुआ वहीं यह बारिश फसलों के लिए भी लाभदायक साबित हो सकती है। वहीं कुछ जगह तेज हवाओं और ओलावृष्टि के चलते फसलों को नुकसान होने की भी आंशका है।
पहाड़ों में 2026 की पहली अच्छी बर्फबारी
शिमला व मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बर्फबारी से कश्मीर का सड़क व हवाई संपर्क देश से कटा रहा। जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। वहीं, पुंछ के रास्ते कश्मीर को जोड़ने वाला मुगल रोड़ भी बंद है। श्रीनगर हवाई अड्डे से सभी उड़ानें रद रहीं।
कुपवाड़ा में एलओसी के साथ सटे करनाह, टिटवाल में वर्ष 2005 के बाद पहली बार हिमपात हुआ है। करनाह के निचले इलाकों में दो से पांच इंच तक बर्फ रिकार्ड की गई है। श्रीनगर के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दृष्यता का अभाव होने और रनवे पर बर्फ जमा होने के कारण विमानों की आवाजाही अगले सूचना तक बंद कर दी गई है। दिल्ली में खराब मौसम के बावजूद गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न हुआ।
उत्तराखंड के पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की चादर
उत्तराखंड को बदरी-केदार से लेकर अनेक पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी हुई। मसूरी, चकराता, धनोल्टी, औली, टिहरी, हर्षिल, अल्मोड़ा की द्रोण पर्वतमाला में शुक्रवार को दिनभर बर्फबारी हुई। बदरीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब, गंगोत्री, यमुनोत्री, आदि कैलास में भी जोरदार बर्फबारी हुई। नैनीताल की ऊंची चोटियों पर मौसम की पहली बर्फबारी हुई।
पंजाब, हरियाणा और यूपी में अच्छी बारिश
पहाड़ों में बर्फबारी के साथ ही पंजाब, हरियाणा, यूपी, दिल्ली-एनसीआर में पूरा दिन बारिश का दौर जारी रहा। एक तरफ जहां दिल्ली में आज से प्रदूषण में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं पंजाब, हरियाणा और यूपी में गेहूं और सरसों के लिए यह बारिश वरदान के समान है। दूसरी तरफ पंजाब व हरियाणा में कई जगह ओलावृष्टि हुई जिससे फसलों को कुछ नुकसान होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही मौसम शुष्क बना रहेगा और दिन में धूप खिलेगी।
ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : पंजाब में शक्तिशाली विस्फोटक सहित चार आतंकी काबू


