Punjab Crime News : पंजाब में शक्तिशाली विस्फोटक सहित चार आतंकी काबू

0
271
Punjab Crime News : पंजाब में शक्तिशाली विस्फोटक सहित चार आतंकी काबू
Punjab Crime News : पंजाब में शक्तिशाली विस्फोटक सहित चार आतंकी काबू

गणतंत्र दिवस पर आतंकी हमला करने की तैयारी में थे पकड़े गए आरोपी, पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे : डीजीपी

Punjab Crime News (आज समाज), होशियारपुर : पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित आंतकी संगठन बब्बर खालसा के चार सदस्यों को ढाई किलो आरडीएक्स व अन्य हथियारों सहित काबू करने में सफलता हासिल की है। यह जानकारी देते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से सीधे संपर्क में थे। ये आरोपी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। डीजीपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और कई अन्य बड़े खुलासे होने की संभावना है।

होशियारपुर और जालंधर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पाई सफलता

होशियारपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर के साथ संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में चार आतंकियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग ढाई किलोग्राम आरडीएक्स से बना शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण और दो अवैध पिस्तौल बरामद की गई हैं। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दिलजोत सिंह, हरमन सिंह उर्फ हैरी उर्फ हर्री, अजय उर्फ मेहरा और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंदोला के रूप में हुई है। सभी आरोपी नवांशहर जिले के राहों क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद विस्फोटक का इस्तेमाल गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान लक्षित आतंकी हमले के लिए किया जाना था।

आरोपियों को पाकिस्तान से मिले थे विस्फोटक

सूत्रों के अनुसार काउंटर इंटेलिजेंस विंग पाकिस्तान से तस्करी कर लाए गए विस्फोटकों के संबंध में एक महत्वपूर्ण सुराग का काफी समय से पीछा कर रही थी। इस सुराग के आधार पर पता चला कि राहों क्षेत्र के इन संदिग्धों को हथियार और विस्फोटक सौंपे गए थे ताकि वे राष्ट्रीय पर्व के दौरान कोई बड़ी वारदात अंजाम दे सकें। संदिग्धों पर कई दिनों तक गुप्त निगरानी रखी गई और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद उन्हें दबोच लिया गया। होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप मलिक ने बताया कि विदेशी बैठे बब्बर खालसा के संचालकों ने सीमा पार फिरोजपुर और अमृतसर ग्रामीण क्षेत्रों के रास्ते हथियार भिजवाकर यह मॉड्यूल तैयार किया था। मामले की गहन जांच जारी है।