उसके बाद मिलेगी राहत, दो जुलाई के आसपास मानसून की होगी एंट्री
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : एक तरफ जहां देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता के चलते अच्छी बारिश हो रही है तो वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल लू का असर बना हुआ है। आईएमडी ने 29 जून को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 30 जून तक लू चल सकती है।
बिहार में भी 28 और 29 जून को लू की स्थिति रहने की आशंका है। राजस्थान के फलोदी में शनिवार को देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 30 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम बदलने लगेगा। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
तेजी से देश को कवर कर रहा मानसून
देश में मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ कई राज्यों में तबाही भी देखने को मिल रही है। पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सिक्किम और असम में पुल बह गए हैं, जबकि अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने और भूस्खलन के कारण सात जिलों का सड़क संपर्क टूट गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है। हालांकि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत में मानसून के आगे बढ़ने से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक पूर्वोत्तर भारत तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
दो दिन में इन राज्यों को कवर करेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार तथा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के कुछ क्षेत्रों तक भी मानसून पहुंचने की संभावना है।


