स्क्वाड्रन लीडर के पद से रिटायर होने के बाद राजनीति में रखा कदम, पुणे से 3 बार सांसद चुने गए
कॉमनवेल्थ गेम्स में भ्रष्टाचार को लेकर जाना पड़ा जेल
Suresh Kalmadi Passes Away, (आज समाज), पुणे: पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश कलमाड़ी का निधन हो गया। उन्होंने मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे अंतिम सांस ली। लंबी बीमारी के चलते कलमाड़ी को पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कलमाड़ी के आधिकारिक कार्यालय के मुताबिक उनका पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे तक कलमाड़ी हाउस एरंडवणे में रखा गया। इसके बाद वैकुंठ श्मशान में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
1 मई 1944 को जन्में सुरेश शामराव कलमाड़ी पुणे लोकसभा सीट से 3 बार सांसद चुने गए। राजनीति के साथ-साथ वे खेल प्रशासन के लिए भी जाने जाते रहे। भारतीय ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष थे। 2010 में दिल्ली में हुए ग्लोबल इवेंट कॉमनवेल्थ गेम्स की आयोजन समिति के चेयरमैन भी थे। कलमाड़ी ने रेल राज्य मंत्री के रूप में भी काम किया था।
1960 में नेशनल डिफेंस एकेडमी जॉइन की
कलमाड़ी ने 1960 में नेशनल डिफेंस एकेडमी जॉइन की। फिर वे इंडियन एयरफोर्स में पायलट कमीशंड हुए। एयरफोर्स में वे 1964 से 1972 तक पायलट रहे। इसके बाद वे 1972 से 74 तक एनडीए में एयरफोर्स ट्रेनिंग टीम में इन्स्ट्रक्टर रहे। एयरफोर्स से वे स्क्वाड्रन लीडर के पद से रिटायर हुए। इसके बाद उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत की थी।
कलमाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स में भ्रष्टाचार के आरोप लगे
कलमाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण विवादों में भी घिरे रहे। कॉमनवेल्थ गेम्स कॉन्ट्रैक्ट्स को लेकर 15 साल तक केस चला। अप्रैल 2025 में दिल्ली की एक अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की उस क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया, जिसमें कलमाड़ी और तत्कालीन महासचिव ललित भनोट तथा अन्य के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज था।
10 महीने तक तिहाड़ा जेल में रहे
कलमाड़ी समेत कई लोगों पर खेलों के लिए दो महत्वपूर्ण अनुबंधों के आवंटन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया था। कलमाड़ी को अप्रैल 2011 में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर दिया था। उन्हें 10 महीने दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया था। कलमाड़ी पर खेलों के लिए स्विस टाइमकीपिंग को टाइमिंग-स्कोरिंग-रिजल्ट सिस्टम का ठेका 141 करोड़ की लागत पर देकर फायदा पहुंचाने का आरोप था।
ये भी पढ़ें: तमिलनाड में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जला सकते हैं दीया


