जन्मदिन की पार्टी से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, सड़क पर चल रहे ट्रक के नीचे घुसी एसयूवी
Madhya Pradesh Accident (आज समाज), मैहर : प्रदेश के मैहर जिले में हुए एक दर्दनाक हादसे में परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। जबकि एक अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (एनएच-30) पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को हुआ। हादसा इतना ज्यादा भयानक था कि पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग जन्मदिन की पार्टी से वापस लौट रहे थे।
इस तरह हुआ यह हादसा
जानकारी के अनुसार देहात थाना क्षेत्र के ग्राम रिगरा के पास तेज रफ्तार से दौड़ रही एक एक्सयूवी कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार छह युवक कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
हादसे में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी युवक किसी रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। देर रात जब उनकी कार रिगरा गांव के पास पहुंची, तभी सामने चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मदद के लिए पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, 108 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस सेवा 1033 तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया गया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जब तक युवकों को वाहन से बाहर निकाला जाता तब तक उनमें से पांच की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।


