आईसीयू में गुरुवार अलसुबह 2 बजे लगी आग, अस्पताल नहीं दे रहा स्पष्ट आंकड़े
Muzaffarpur Hospital Fire (आज समाज), मुजफ्फरपुर : बुधवार को जहां दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से 21 लोग जिंदा जल गए। वहीं इसके कुछ ही घंटे बाद आग लगने की बड़ी घटना बिहार के मुजफ्फनगर के एक अस्पताल में सामने आई। जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले में प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में गुरुवार तड़के करीब दो बजे आग लग गई।
जिस वार्ड में आग भड़की उसमें काफी संख्या में मरीज भर्ती थे जिनमें कुछ की हालत गंभीर थी। अलसुबह जब आग लगी तो सभी गहरी नींद में सोए हुए थे। इसके चलते किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिल सका। जानकारी के अनुसार इस हादसे में करीब 20 लोग हताहत हुए हैं। जबकि अस्पताल प्रशासन द्वारा अभी तक कोई जानकारी साझा नहीं की है।
सुबह 6.30 तक तीन शव निकाले गए
सुबह 6:30 तक तीन शवों के निकाले जाने की पुष्टि हुई है, जबकि एक और की मौत वहीं पर हो गई। करीब 20 लोगों के हताहत होने की जानकारी आई, लेकिन मौतों की संख्या पर औपचारिक पुष्टि नहीं हो रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग अस्पताल की ऊपरी मंजिल स्थित आईसीयू में लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया और मरीजों व उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया।
बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा
ब्रहपुरा थाना क्षेत्र में इस घटना से अफरातफरी मच गई। मौके पर कई घंटे बाद भी लोग मौतों की वास्तविक संख्या नहीं बता पा रहे थे, क्योंकि बेसुध अवस्था में निकाले गए लोगों को आसपास के दूसरे अस्पतालों में ले जाने की बात कही जा रही थी। बचाव कार्य में अस्पताल के कर्मी शुरू में लगे थे, लेकिन फिर अफरातफरी की स्थिति हो गई। ब्रह्मपुरा थाने के पुलिसकर्मियों ने बताया कि आग की सूचना शोरगुल से ही मिली थी। इसके बाद जिसे-जैसे मौका मिला, भागते हुए बचाव कार्य में लग गए हैं। दमकलकर्मियों ने शॉर्ट सर्किट से आग और 10 से 15 बेसुध लोगों को निकाले जाने की बात कही।


