आॅस्ट्रेलिया ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी, कहा नवंबर 2023 से भारत में रेबीज वैक्सीन के नकली बैच सर्कुलेट हो रहे
Rabies Vaccine Fraud, (आज समाज), नई दिल्ली: भारत में नवंबर 2023 से रेबीज वैक्सीन के नकली बैच सर्कुलेट हो रहे हैं। नकली वैक्सीन में सही मात्रा में एक्टिव इंग्रीडिएंट नहीं हैं। इसका मतलब है कि जिन लोगों ने ये डोज ली हैं उनमें ये बीमारी खत्म होने के चांसेस कम हैं। यह कहना है आॅस्ट्रेलियन टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप आॅन इम्यूनाइजेशन का। इतना ही नहीं आॅस्ट्रेलिया ने हेल्थ एडवाइजरी की है।
आॅस्ट्रेलियन टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप आॅन इम्यूनाइजेशन के इस अलर्ट में कहा गया कि ABHAYRAB ब्रांड की वैक्सीन लगवाने वाले लोगों को रेबीज से पूरी सुरक्षा नहीं मिल सकती है। इस वैक्सीन का इस्तेमाल आॅस्ट्रेलिया में नहीं होता है, इसलिए यह एडवाइजरी मुख्य रूप से उन यात्रियों के लिए ह जिन्होंने नवंबर 2023 के बाद भारत में वैक्सीन लगवाई थी। आॅस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने ऐसे लोगों को सलाह दी है कि वे उन डोज को संभावित रूप से अमान्य मानें और उन्हें Rabipur या Verorab जैसी रजिस्टर्ड वैक्सीन से बदलें।
भारत में हर साल 18 से 20 हजार लोगों की रेबीज से होती है मौत
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, भारत में हर साल अनुमानित 18,000 से 20,000 लोगों की मौत रेबीज से होती है। इनमें अधिकांश मामलों में कारण कुत्तों का काटना होता है। औसतन हर 30 मिनट में एक मौत दर्ज होती है।
रेबीज का भरोसेमंद इलाज नहीं
रेबीज के लक्षण सामने आने के बाद यह बीमारी लगभग हमेशा जानलेवा साबित होती है और इसका कोई भरोसेमंद इलाज नहीं है। मरीज का बचना पूरी तरह समय पर और सही पोस्ट-एक्सपोजर ट्रीटमेंट पर निर्भर करता है। इसमें घाव को तुरंत और अच्छी तरह धोना, तय शेड्यूल के अनुसार सही वैक्सीन लगवाना और गंभीर मामलों में रेबीज इम्यूनोग्लोबुलिन देना शामिल है।
ये भी पढ़ें: भारत में बच्चों के लिए सोशल-मीडिया बैन हो: मद्रास हाईकोर्ट


