Dr D Y Patil Passed Away:
Dr D Y Patil Passed Away: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल डॉ. ज्ञानदेव यशवंतराव पाटिल, जिन्हें लोग डॉ. डी. वाई. पाटिल के नाम से जानते हैं, का मंगलवार को कोल्हापुर में निधन हो गया. वे 90 वर्ष के थे. पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी. उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक और शिक्षा जगत में शोक की लहर है.
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा योगदान
डॉ. डी. वाई. पाटिल ने शिक्षा को समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार माना. उन्होंने महाराष्ट्र समेत कई जगहों पर अनेक शिक्षण संस्थानों की स्थापना की. उनके प्रयासों से हजारों छात्रों को बेहतर शिक्षा पाने का अवसर मिला और शिक्षा का एक बड़ा नेटवर्क तैयार हुआ.
अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की तैयारी
डॉ. डी. वाई. पाटिल का पार्थिव शरीर बुधवार, 5 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कोल्हापुर के कसबा बावड़ा स्थित ‘यशवंत निवास’ में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. इसके बाद अंतिम यात्रा निकाली जाएगी. जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार कसबा बावड़ा स्थित डी. वाई. पाटिल मेडिकल कॉलेज परिसर में किया जाएगा.
राजनीति में भी निभाई अहम भूमिका
डॉ. डी. वाई. पाटिल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत स्थानीय स्तर से की. उन्होंने 1957 से 1962 तक कोल्हापुर शहर के मेयर के रूप में काम किया. इसके बाद वे 1967 और 1972 में पन्हाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए.
राजनीति के साथ-साथ उन्होंने समाज निर्माण और शिक्षा विस्तार पर लगातार ध्यान दिया. उनका मानना था कि अच्छे संस्थान समाज को मजबूत बनाते हैं और लोगों के भविष्य को बेहतर दिशा देते हैं.


