पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, आने वाले दिनों में गिरेगा तापमान
Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : दिसंबर का अंतिम सप्ताह शुरू होने को है और सर्दी भी अपने चरम की तरफ अग्रसर है। देश के उत्तरी हिस्सों में इन दिनों जहां पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी से ठंड में इजाफा हो रहा है तो वहीं मैदानी हिस्सों में घना कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों की परीक्षा ले रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए कहा है कि उत्तर भारत के मैदानी राज्यों विशेषकर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर में कोहरे का असर देखने को मिलेगा। इसके आने वाले चार दिन यानी 27 दिसंबर तक बने रहने का अनुमान है। इसके साथ ही अगले तीन दिन न्यूनतम तापमान में चरणबद्ध तरीके से 3-5 डिग्री सेल्सियस के बीच गिरावट आ सकती है।
दिल्ली में सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित
राष्ट्रीय राजधानी में छा रहे घने कोहरे की सबसे बुरी मार हवाई सेवाओं पर पड़ी है। सोमवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से 14 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि 500 से अधिक में विलंब हुआ। अधिकारियों ने बताया कि रद्द उड़ानों में छह आगमन और आठ प्रस्थान वाली उड़ानें शामिल हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी थीं।
कश्मीर घाटी और हिमाचल में बर्फबारी
कश्मीर में चिल्ले कलां के दूसरे दिन सोमवार को भी पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी हुई। मैदानी इलाकों में बादल छाए रहे। शनिवार से बंद बांदीपोरा-गुरेज मार्ग और रविवार को बर्फबारी के बाद बंद मुगल रोड अब तक नहीं खुल पाया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बर्फबारी की संभावना जताई है। नए साल तक मौसम ऐसा ही रहने व सर्दी बढ़ने का अनुमान है। बर्फबारी के बाद से ही ठंडी हवा ने कंपकंपी बांध रखी है। श्रीनगर में दिन और रात के तापमान में महज 5.5 डिग्री का फर्क है। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश के भी ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी का दौर जारी रहा जिसे कई जगह तापमान शून्य से नीचे खिसक गया।
बर्फबारी से पर्यटन स्थल गुलजार
कश्मीर घाटी में बर्फबारी ने घाटी के ऊपरी इलाकों को सफेद चादर से ढक दिया है। इनमें कश्मीर के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोनमर्ग, गुलमर्ग, दूधपथरी, दकसुम, पहलगाम आदि शामिल हैं। सोमवार की सुबह तक हुई बर्फबारी ने इन पर्यटन स्थलों को पर्यटकों से गुलजार कर दिया है। गुलमर्ग में करीब 9 इंच और सोनमर्ग में 7 इंच के अलावा पहलगाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल समेत जेड गली, मच्छिल, राजधान पास, साधना टॉप, नौगाम सेक्टर के अलावा पीर पंचाल की पहाड़ियों पर भी 4-5 इंच ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड हुई।
ये भी पढ़ें : India-New Zealand Trade Deal : एफटीए का आम लोगों के जीवन पर होगा सकारात्मक असर : गोयल


