पीएम मोदी ने एक बार फिर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट की प्रशंसा की
PM Modi News (आज समाज), नई दिल्ली : इस बार संसद के बजट सत्र में पीएम को राष्टÑपति के अभिभाषण प्रस्ताव पर विपक्ष ने चर्चा नहीं करने दी। हालांकि इसका प्रयास किया गया कि संसद में पीएम देश को संबोधित करें लेकिन विपक्ष के अड़ियल रवैये के चलते यह मुमकिन नहीं हो पाया। अब प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि यह बजट 2047 में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में मदद करेगा।
इसके साथ ही उन्होंने लिखा की राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’, एमएसएमई को समर्थन, कौशल विकास को बढ़ावा देने जैसे अहम पहलुओं को विस्तार से रखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने वित्त मंत्री सीतारमण के बजट की प्रशंसा की। उन्होंने बजट को व्यापक और परिवर्तनकारी बताते हुए कहा कि यह अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला रोडमैप है।
राज्यों को वित्त संबंधी ज्यादा आजादी की गई
वित्त मंत्री ने लोकसभा में बताया कि बजट 2026-27 में राज्यों को करों में हिस्सेदारी और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत कुल 25.44 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जाने का अनुमान है। यह राशि 2025-26 की तुलना में 2.7 लाख करोड़ रुपये अधिक है। उन्होंने विपक्ष के इस आरोप को खारिज किया कि राज्यों को संसाधनों का हस्तांतरण कम किया गया है।
बजट में पूंजीगत व्यय में हुई वृद्धि
बजट 2026-27 में कुल 17.15 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत निवेश का प्रावधान किया गया है, जिसे उन्होंने 4 गुना गुणक प्रभाव वाला बताया। केंद्र का प्रत्यक्ष पूंजीगत व्यय 12.22 लाख करोड़ रुपये है, जो जीडीपी का 3.1 प्रतिशत है और पिछले वर्ष की तुलना में 11.5 प्रतिशत अधिक है। राज्यों को विभिन्न योजनाओं के तहत हस्तांतरण जोड़ने के बाद कुल पूंजीगत व्यय जीडीपी का 4.4 प्रतिशत बैठता है। वित्त मंत्री ने कहा कि इससे यह आरोप गलत साबित होता है कि राजकोषीय घाटा 4.3 प्रतिशत रखने के लिए विकास व्यय घटाया गया है।
सभी राज्यों के लिए खुली योजनाएं
पीएम ने लिखा की वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं सभी राज्यों के लिए खुली हैं। राज्य अगर व्यवहार्य प्रस्ताव लेकर आते हैं तो पीएम गति शक्ति के मानकों के तहत मेगा फूड पार्क, आईटी पार्क, स्मार्ट सिटी, जलमार्ग, एलाइड एंड हेल्थ सर्विस हब जैसे प्रोजेक्ट स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा और उपचार सुविधाओं को एक ही परिसर में विकसित कर भारत को मेडिकल टूरिज्म के बड़े केंद्र के रूप में आगे बढ़ाया जा सकता है।


