Weather Update : उत्तर भारत में चरम पर ठंड, एक सप्ताह नहीं है राहत की उम्मीद

0
245
Weather Update : उत्तर भारत में चरम पर ठंड, एक सप्ताह नहीं है राहत की उम्मीद
Weather Update : उत्तर भारत में चरम पर ठंड, एक सप्ताह नहीं है राहत की उम्मीद

पहाड़ों में हो रही लगातार बर्फबारी से मैदानी राज्यों में गिर रहा तापमान

Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : नया साल शुरू होते ही ठंड भी अपने चरम पर पहुंचने लगी है। उत्तरी भारत के सभी राज्यों में कोहरा और ठंडी हवाओं के चलते ठंड में लगातार वृद्धि हो रही है और लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो रहे हैं। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी से भी मैदानी इलाकों में सर्दी कहर बरपा रही है। हिमाचल प्रदेश में कुल्लू-मनाली व लाहौल की चोटियों पर बर्फबारी हुई है।

ताबो में तापमान माइनस 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर में सबसे कम तापमान गुलमर्ग में माइनस 6.5 डिग्री रहा। उत्तराखंड में भी केदारनाथ व आसपास के एरिया में बर्फ की सफेद चादर बिछ चुकी है। पंजाब, हरियाणा व दिल्ली में भी ठिठुरन बढ़ गई है। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में पारा 4 डिग्री तक गिर गया। पंजाब में फरीदकोट 5.5 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाके घने कोहरे की चपेट में हैं। कई जगह दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। दिल्ली में रविवार को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

सात जनवरी तक चलेगी शीतलहर

उत्तर भारत में अगले सात दिनों तक रात और सुबह के समय अत्यंत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तराखंड और राजस्थान में 4 और 5 जनवरी को घना कोहरा रहेगा। कुछ जगहों पर शीत लहर भी जारी रहेगी। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में सात जनवरी तक शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर पश्चिमी हवाएं बढ़ा रही परेशानी

आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। घना कोहरा, शीतलहर और पाले की स्थिति रात और तड़के फसलों के लिए सबसे अधिक नुकसानदेह मानी जा रही है।

फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के आसार

मौसम की इस तीव्रता का सीधा असर सब्जी उत्पादकों और रबी फसलों पर पड़ने की आशंका है। ऐसे में कृषि विशेषज्ञों और अधिकृत एजेंसियों ने किसानों के लिए सतर्कता और व्यावहारिक खेती प्रबंधन को लेकर विस्तृत सलाह दी है। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि इस तरह का मौसम खासकर सब्जियों और कोमल पौधों के ऊतकों को झुलसा सकता है।

आईसीएआर और राज्य कृषि विभागों के विशेषज्ञों के मुताबिक आलू, टमाटर, मटर, गोभी, फूलगोभी और हरी पत्तेदार सब्जियां ठंड और पाले के प्रति अधिक संवेदनशील होती हैं। पाला पड़ने की आशंका वाले क्षेत्रों में रात के समय हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है, क्योंकि गीली मिट्टी अपेक्षाकृत अधिक गर्म रहती है और तापमान में अचानक गिरावट के प्रभाव को कम करती है।

ये भी पढ़ें : US-Venezuela Conflict : यह कार्रवाई अमेरिका के दुश्मनों के लिए सख्त संदेश : ट्रंप

  • TAGS
  • [post_tags]