ओवरलोड थी बस, टायर फटने के कारण बेकाबू हुई
Udhampur Bus Accident, (आज समाज), उधमपुर: जम्मू कश्मीर के उधमपुर में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां रामनगर इलाके में आज सुबह एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में 21 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है। कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। बस में 50 यात्री सवार थे, जिनमें से ज्यादातर लोग रामनगर से उधमपुर में अपने रोजाना के काम पर जा रहे थे।
घायलों के मुताबिक बस ओवरलोड थी, रफ्तार भी तेज थी। कगोत नाले के पास अचानक बस का टायर फट गया। इससे ड्राइवर उसे कंट्रोल नहीं कर सका। और बस सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट पर बताया कि हादसे का शिकार हुई बस पब्लिक ट्रांसपोर्ट की थी। घायलों का इलाज जीएमसी ऊधमपुर में किया जा रहा है।
पीएम ने किया आर्थिक सहायता का ऐलान
इधर, पीएम मोदी ने हादसे में मरने वाले लोगों के लिए संवेदना जताई और मृतकों के परिवार को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार के मुआवजे का ऐलान किया है।
तेज बस चला रहा था ड्राइवर
हादसे वाली जगह पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे की वजह बस का ओवरलोड और तेज रफ्तार होना था। घायल यात्रियों से पूछा गया तो वे बोले कि ड्राइवर बहुत तेज बस चला रहा था। बस का टायर फटने से वह स्पीड कंट्रोल नहीं कर सका। जिसके कारण वह करीब 100 मीटर की ऊंचाई से गिर गई।
बस की चपेट में आॅटो भी आया
बस नीचे सड़क पर उलटी गिरने से पहले एक आॅटो-रिक्शा को कुचलती हुई गई। अधिकारियों ने बताया कि आॅटो-रिक्शा में सवार लोगों को चोटें आईं, लेकिन वे बच गए। हादसे के बाद उसी रास्ते से गुजर रहे सेना के एक काफिले ने बचाव अभियान की कमान संभाली। बाद में एक हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से गाड़ी को सीधा किया गया।
ये भी पढ़ें : US-Iran Peace Talk : ईरान ने समझौता न किया तो उसे बर्बाद होना पड़ेगा : ट्रंप


