US-Iran War Today Update : ईरान पर जमीनी हमले के लिए अमेरिका, इजरायल तैयार

0
248
US-Iran War Today Update : ईरान पर जमीनी हमले के लिए अमेरिका, इजरायल तैयार
US-Iran War Today Update : ईरान पर जमीनी हमले के लिए अमेरिका, इजरायल तैयार

आने वाले दिनों में लंबा और भयानक हो सकता है युद्ध, एशिया ही नहीं पूरी दुनिया पर पड़ेगा प्रतिकूल असर

US-Iran War Today Update (आज समाज), तेहरान : अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शांत होने का नाम नहीं ले रहा। युद्ध शुरू होने से पहले स्वंय अमेरिका ने भी नहीं सोचा होगा कि यह इतना लंबा चलेगा। लेकिन ईरान अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों का डटकर सामना कर रहा है। इसके साथ ही वह अमेरिका के सैन्य उपकरण तबाह करके अमेरिका को जबरदस्त क्षति भी पहुंचा रहा है।

अब यह युद्ध खतरनाक दौर में पहुंचता दिखाई दे रहा है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिका और इस्राइल अब ईरान के भीतर जमीनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी परमाणु सामग्री की सुरक्षा का हवाला देते हुए जरूरत पड़ने पर विशेष सैन्य बल भेजने के संकेत दिए हैं। इससे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका है।

डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही दिए थे बड़े हमले के संकेत

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सबसे बड़ा हमला करने का एलान किया था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसी का संकेत देते हुए बी 52 बॉम्बर्स का एक वीडियो भी साझा किया था। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि तेहरान के बिना शर्त सरेंडर करने तक अमेरिका के हमले जारी रहेंगे। जबकि ईरान की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने कहा है कि ईरान अपने लीडर के खून का बदला लेगा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी दी कि उन्हें सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की हत्या की कीमत चुकानी होगी।

पश्चिम एशिया में कई मोर्चों पर बढ़ा संघर्ष

पिछले महीने के अंत से अमेरिका, ईरान और इस्राइल के बीच तनाव तेजी से बढ़ा है। दोनों पक्षों के बीच लगातार हमले और जवाबी कार्रवाई हो रही है, जिससे पूरा पश्चिम एशिया क्षेत्र संघर्ष की चपेट में आ गया है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ईरान की ओर से कई देशों में मौजूद सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है, जहां अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। इससे अमेरिकी सेना को लगातार खतरा बना हुआ है। सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे संघर्ष बढ़ रहा है, वैसे-वैसे अमेरिकी और अन्य देशों के सैनिकों के हताहत होने का खतरा भी बढ़ सकता है। अमेरिकी सैन्य नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में चल रहे सैन्य अभियानों के कारण आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ईरान ने इस तरह दी अमेरिका को चुनौती

ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी घोषित किया गया है। ईरानी सरकारी टीवी ने सोमवार तड़के इसकी घोषणा की। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद शुरू हुआ युद्ध खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। मोजतबा खामेनेई को लंबे समय से इस पद का संभावित दावेदार माना जा रहा था। उल्लेखनीय है कि ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान में अपनी पसंद का नेता राष्टÑपति चुनना चाहता है। लेकिन ईरान ने अमेरिका को फिर से चुनौती देते हुए मोजतबा खामेनेई को सर्वोच्च नेता के रूप में चुन लिया है। जिससे अमेरिका का गुस्सा होना स्वाभाविक है।

ये भी पढ़ें : Iran new Supreme Leader : मोजतबा खामेनेई चुने गए ईरान के नए सुप्रीम लीडर

  • TAGS
  • [post_tags]