मृतकों में एक महिला व एक 12 साल का मासूम भी शामिल
Punjab Triple Murder (आज समाज), बटाला : गुरदासपुर के बटाला में एक सनसनीखेज मामले में चार लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। मृतकों में से तीन की हत्या हुई है जबकि मरने वाला चौथा शख्स आरोपी खुद है जिसने इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद घर के किचन में जाकर खुद को भी गोली मार ली जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चारों के शवों को अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आलाधिकारी और जांच टीमें मौके से साक्ष्य जुटाने में लगे हुए हैं।
जमीनी विवाद के चलते दिया वारदात को अंजाम
यह वारदात बटाला के थाना सेखवां के अंतर्गत आने वाले गांव मुंडी कराल में हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गांव मुंडी कराल में रहने वाले व्यक्ति मनजोत सिंह का अपने ही परिवार से जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था। मंगलवार देर रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि मनजोत अपना आपा खो बैठा और उसने घर में रखी बंदूक उठा ली। मनजोत ने सबसे पहले अपनी सगी चाची हरजीत कौर की छाती में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने महज 12 साल के मासूम चचेरे भाई हरी अमृतपाल सिंह को भी गोली मार दी। इन दोनों की लाशें घर के आंगन और कमरे में पड़ी मिलीं।
आरोपी ने दोस्त को भी नहीं बख्शा
गोलियों की आवाज और चीख-पुकार सुनकर मनजोत का दोस्त परगट सिंह मौके पर पहुंचा। परगट सिंह भारतीय सेना का जवान था। उसने मनजोत को रोकने की कोशिश की तो उसने फौजी दोस्त को भी घर के बाहर दौड़ाकर सीने में गोली मारी। पुलिस को उसकी लाश घर के बाहर मौजूद झाड़ियों में पड़ी मिली है। तीन कत्ल करने के बाद आरोपी मनजोत सिंह अपने घर की रसोई में गया और वहां उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल, गांव में तनाव और दहशत का माहौल है, जिसके मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से बारीक छानबीन की जा रही है।
ये भी पढ़ें : Sergio Gor : भारत-अमेरिकी संबंध मजबूत भरोसे पर टिके : सर्जियो गोर


