हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच कोच भी पटरी से उतरे
7 Elephants Killed, (आज समाज), गुवाहाटी: असम में आज सुबह 7 हाथियों की सैरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। हादसा होजाई जिले में हुआ। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच कोच भी पटरी से उतर गए। हादसे में एक हाथी के बच्चे के घायल होने का भी समाचार है। नगांव के डिवीजनल फॉरेस्ट आॅफिसर सुहास कदम ने बताया कि इलाके में घना कोहरा होने के कारण यह हादसा हुआ होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि हादसा सुबह 2:17 बजे चांगजुराई गांव के पास हुआ। उन्होंने बताया कि मृत हाथियों का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है, जबकि स्थानीय पशु चिकित्सक घायल हाथी का इलाज कर रहे हैं। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है।
लोको पायलट द्वारा इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बावजूद ट्रेन से टकराए हाथी
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि हादसा गुवाहाटी से करीब 126 किलोमीटर दूर लुमडिंग डिवीजन के तहत जमुनामुख-कांपुर सेक्शन में हुआ। हादसे वाली जगह अधिसूचित हाथी कॉरिडोर नहीं है। अधिकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड अचानक ट्रेन के सामने आ गया। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन इसके बावजूद हाथी ट्रेन से टकरा गए। फॉरेस्ट आॅफिसर ने बताया कि मृत हाथियों का अंतिम संस्कार घटनास्थल के पास ही किया जाएगा।
सुबह 6 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुई ट्रेन
एनआरएफ अधिकारी ने बताया कि सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के सैरांग (आइजोल के पास) से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक जाती है। हादसे के बात पटरी से उतरे कोचों के यात्रियों को अस्थायी रूप से अन्य डिब्बों में खाली बर्थ पर शिफ्ट किया गया। फिर प्रभावित कोचों को हटाकर बाकी ट्रेन 4 घंटे बाद, सुबह 6:11 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुई। गुवाहाटी में ट्रेन में अतिरिक्त कोच जोड़े गए, जिनमें यात्रियों को बैठाया गया। इसके बाद ट्रेन ने अपनी आगे की यात्रा फिर से शुरू की।


